गांवों में वाहन खरीदी पर महंगाई का असर,जुलाई में 8 फीसदी गिरी बिक्री
मुंबई- गांवों में महंगाई के कारण वाहनों की मांग लगातार घट रही है। डीलर्स एसोसिएशन फाडा के मुताबिक, दो पहिया वाहनों की बिक्री जुलाई, 2022 में 11 फीसदी गिरकर 10.09 लाख रही जो एक साल पहले 11.33 लाख थी। ट्रैक्टर की बिक्री भी 28 फीसदी गिरकर 59,573 पर पहुंच गई जो एक साल पहले 82,419 थी।
यात्री वाहनों के पंजीकरण में कमी से जुलाई में ऑटो की खुदरा बिक्री में 8 फीसदी की गिरावट आई है। देश में पिछले महीने कुल 14.37 लाख गाड़ियां बिकीं थीं जबकि जुलाई, 2021 में 15.59 लाख की बिक्री हुई थी। यात्री वाहनों की खुदरा बिक्री 5 फीसदी गिरकर 2.51 लाख पर आ गई है। एक साल पहले यह जुलाई महीने में 2.63 लाख थी।
फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन (फाडा) के अध्यक्ष विंकेश गुलाटी ने बताया कि भली ही बिक्री में गिरावट आई है, पर एसयूवी की मांग में तेजी बनी हुई है। तिपहिया और व्यावसायिक वाहनों की बिक्री हालांकि बढ़ी है। जुलाई, 2022 में इसकी बिक्री एक साल पहले के 27,908 की तुलना में 80 फीसदी बढ़कर 50,349 इकाई रही। जुलाई, 2022 में व्यावसायिक वाहनों की बिक्री 27 फीसदी बढ़कर 66,549 इकाई रही। गुलाटी ने कहा कि चीन और ताइवान में तनातनी से आगे वाहनों की बिक्री पर असर दिख सकता है।