ये हैं भारत की सबसे अमीर महिला, 18 अरब डॉलर है संपत्ति
मुंबई- फोर्ब्स की तरफ से जारी टॉप-10 भारतीयों की लिस्ट में उनका नाम आया है। वह इस लिस्ट में इकलौती महिला हैं। वह भारत की सबसे अमीर महिला भी हैं। उनकी दौलत करीब 18 बिलियन डॉलर है। पिछले दो सालों में इसमें 12 बिलियन डॉलर का उछाल आया है।
फोर्ब्स की वेबसाइट पर उपलब्ध डेटा के मुताबिक, 2022 में उनकी कुल दौलत 17.7 बिलियन डॉलर है। दुनिया में उनका स्थान 91 नंबर पर आता है। 2021 में वह दुनिया में 234वें स्थान पर और 2020 में 349वें स्थान पर थीं। साल 2021 में उनकी कुल दौलत 9.7 बिलियन डॉलर थी। इस तरह उनकी दौलत दो साल में साढ़े तीन गुना बढ़ गई है। वह ओपी जिंदल ग्रुप की चेयरपर्सन हैं।
फोर्ब्स की तरफ से जारी लिस्ट में मुकेश अंबानी 90.7 बिलियन डॉलर के साथ पहले पायदान पर हैं। गौतम अडाणी 90 बिलियन डॉलर के साथ दूसरे पायदान पर हैं. 28.7 बिलियन डॉलर के साथ शिव नाडर तीसरे, 24.3 बिलियन डॉलर के साथ साइरस पूनावाला चौथे, 20 बिलियन डॉलर के साथ राधाकिशन दमानी पांचवें, 17.9 बिलियन डॉलर के साथ लक्ष्मी मित्तल छठे, 17.7 बिलियन डॉलर के साथ सावित्री जिंदल सातवें स्थान पर हैं।
जिंदल ग्रुप का कारोबार स्टील, पावर, इन्फ्रास्ट्रक्चर सेक्टर में फैला हुआ है। ओपी जिंदल की साल 2005 में विमान हादसे में मौत हो गई थी। उसके बाद ग्रुप उनके चार बेटों में बंट गया और चारों अब अलग-अलग कारोबार संभालते हैं। सज्जन जिंदल JSW स्टील का संचालन करते हैं। नवीन जिंदल जिंदल स्टील एंड पावर का संचालन करते हैं।