गिर सकती है उद्धव सरकार, कई और विधायक गुवाहाटी जाने की तैयारी में
मुंबई- महाराष्ट्र में सियासी संकट गहराता जा रहा है। शिवसेना के दो और विधायक संजय राठौड़ और योगेश कदम एकनाथ शिंदे के समर्थन में आ गए हैं और वे मुंबई से गुवाहाटी के लिए रवाना हो गए हैं। इस तरह अब तक 42 विधायक उद्धव सरकार के खिलाफ खड़े नजर आ रहे हैं। खबर है कि शाम तक यह आंकड़ा 50 तक जा सकता है। शिवसेना के अभी विधानसभा में 56 विधायक हैं।
इससे पहले एकनाथ अपने 40 विधायकों के साथ स्पेशल फ्लाइट से बुधवार सुबह 6.20 बजे सूरत से गुवाहाटी पहुंचे। भाजपा के नेताओं ने उन्हें रिसीव किया। तीन बसों से उन्हें रेडिसन ब्लू होटल ले जाया गया। इस दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए।
गुवाहाटी एयरपोर्ट पर एकनाथ शिंदे ने फिर दोहराया कि हम बालासाहेब ठाकरे के हिंदुत्व को आगे ले जाएंगे। एकनाथ ने कहा कि हमारे साथ अभी 40 विधायक गुवाहाटी आए हैं। बताया जा रहा है कि 7 विधायक निर्दलीय हैं।
इस बीच, शिवसेना नेता संजय राउत ने कहा कि एकनाथ शिंदे से हमारी बातचीत जारी है। सुबह उनसे एक घंटे बातचीत हुई। हमने कल और आज भी बातचीत की। वे हमारे साथी हैं। हम गुवाहटी में मौजूद सभी विधायकों के संपर्क में हैं। मीडिया में बढ़ा-चढ़ाकर बातें की जा रही हैं। कुछ मनमुटाव हो सकता है, हम हल निकालेंगे। ज्यादा से ज्यादा क्या होगा सत्ता जाएगी, पार्टी सबसे ऊपर है।