मुंबई में मिला कोरोना का खतरनाक नया रूप, पहला मामला यहीं पर
मुंबई- कोरोना वायरस के ओमीक्रोन वेरिएंट से भी ज्यादा खतरनाक और संक्रामक सब-वेरिएंट एक्सई का पहला मामला मुंबई में सामने आया है। बृहन्मुंबई महानगरपालिका के एक अधिकारी ने बुधवार को कहा कि इसके अलावा कप्पा वेरिएंट के एक मामले की भी पुष्टि हुई है।
बीएमसी अधिकारी ने कहा कि सैंपल के जांच में इन मामलों का खुलासा हुआ है। मुंबई से भेजे गए 230 सैंपल में से 228 ओमीक्रोन के जबकि एक Kapa का और एक XE वेरिएंट का था। हालांकि, अधिकारी ने कहा कि नए वेरिएंट से संक्रमित मरीज की हालत गंभीर नहीं है। नए वेरिएंट का पहला मामला सामने आने से बीएमसी और मुंबई के लोगों की चिंता बढ़ गई है। बीएमसी के लिए इस नए वेरिएंट से शहर के लोगों को बचाने की बड़ी चुनौती है।
अधिकारी ने कहा कि ऐसा प्रतीत होता है कि XE म्यूटेंट ओमीक्रोन के सब-वेरिएंट BA.2 से 10 गुना अधिक संक्रामक है। अब तक कोविड-19 के सभी वेरिएंटों में BA.2 को सबसे ज्यादा संक्रामक माना जाता रहा है। ओमीक्रोन के वेरिएंट, BA.1 और BA.2 में बदलाव से यह EX वेरिएंट बना है। शुरूआती रिसर्च के मुताबिक BA.2 के मुकाबले XE वेरिएंट के फैलने की रफ्तार दर 9.8 फीसदी अधिक है। जांच के दौरान इसकी पहचान भी मुश्किल होती है इसलिए इसे स्टील्थ वेरियंट कहा जाता है।