शेयर बाजार में भारी तेजी, निवेशकों ने कमाए 8 लाख करोड़ रुपए
मुंबई- हफ्ते के चौथे दिन भी आज शेयर बाजार में भारी तेजी है। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स 800 पॉइंट्स ऊपर 57,625 पर कारोबार कर रहा है। इसके सभी 30 शेयर्स बढ़त में हैं।
लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप 259.57 लाख करोड़ रुपए है। कल यह 256 लाख करोड़ रुपए था। यानी इसमें 3.57 लाख करोड़ रुपए की बढ़त हुई है। जबकि कल 4.50 लाख करोड़ रुपए मार्केट कैप बढ़ा था। इस तरह से दो दिनों में निवेशकों ने 8 लाख करोड़ रुपए कमाए हैं।
इससे पहले बुधवार को बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स 1,039 पॉइंट्स (1.86%) ऊपर 56,816 और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 312 अंक (1.87%) की बढ़त के साथ 16,975 पर बंद हुआ।
आज बैंकिंग शेयर फिर रफ्तार में हैं। कल भी इसी सेक्टर के शेयर्स की तेजी से बाजार एक हजार अंक से ज्यादा बढ़कर बंद हुआ था। आज सेंसेक्स 804 अंक ऊपर 57,620 पर खुला था। पहले घंटे में इसने 57,687 का ऊपरी और 57,518 का निचला स्तर बनाया।
सेंसेक्स में लिस्टेड कंपनियों में से 1,922 के स्टॉक ऊपर और 403 के नीचे कारोबार कर रहे हैं। 52 शेयर्स एक साल के ऊपरी और 3 निचले स्तर पर हैं। 153 शेयर्स अपर और 109 लोअर सर्किट में हैं। यानी एक दिन में इनकी कीमतों में एक तय सीमा से ज्यादा का उतार या चढ़ाव नहीं हो सकता है।
इसके बढ़ने वाले प्रमुख स्टॉक में HDFC, एक्सिस बैंक, बजाज फाइनेंस, अल्ट्राटेक सीमेंट, HDFC बैंक और एशियन पेंट्स के साथ कोटक बैंक, ICICI बैंक 2 से 3% तेजी में हैं। इनके साथ ही SBI, इंडसइंड बैंक, हिंदुस्तान यूनिलीवर, बजाज फिनसर्व, टाइटन, विप्रो, टाटा स्टील, मारुति, लार्सन एंड टुब्रो, TCS और टेक महिंद्रा के साथ इंफोसिस के शेयर्स 1 से 2% की बढ़त में हैं।
एयरटेल, रिलायंस इंडस्ट्रीज, नेस्ले, पावरग्रिड, सनफार्मा, डॉ. रेड्डी, HCL और NTPC भी तेजी में हैं। उधर, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 237 अंकों की तेजी के साथ 17,212 पर है। यह 17,202 पर खुला था और 17,228 का ऊपरी तथा 17,178 का निचला स्तर बनाया। इसके चार प्रमुख इंडेक्स नेक्स्ट 50, मिडकैप, बैंक और फाइनेंशियल में 1-2% की तेजी है।
निफ्टी के 50 में से 47 स्टॉक बढ़त में और 3 गिरावट में हैं। बढ़ने वाले प्रमुख शेयर्स में HDFC बैंक, एक्सिस बैंक, एशियन पेंट्स, टाटा कंज्यूमर हैं। गिरने वालों में कोल इंडिया, इंडियन ऑयल और ONGC हैं।