6 महीने में बाजार से 1.30 लाख करोड़ रुपए निकाले FII, मार्च में ज्यादा निकासी
मुंबई- मार्च के अब तक के 4 कारोबारी दिनों में विदेशी निवेशकों (FII) 22 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा की रकम निकाली है। पिछले 6 महीने से लगातार यह रुझान बना हुआ है। हालांकि इसके ठीक उलट, घरेलू संस्थागत निवेशक (DII) लगातार बाजार में खरीदी कर रहे हैं।
2 मार्च को FII ने 4,338 करोड़ रुपए, 3 मार्च को 6,644 करोड़, 4 मार्च को 7,631 करोड़ और 7 मार्च को 7,482 करोड़ रुपए निकाले। घरेलू संस्थागत निवेशकों ने कुल 17,930 करोड़ रुपए के शेयर्स खरीदे। इसमें से सबसे ज्यादा खरीदी सोमवार यानी 7 मार्च को की गई जो 5,331 करोड़ रुपए था।
2 मार्च को विदेशी निवेशकों ने 3,061, 3 मार्च को 4,779 और 4 मार्च को 4,738 करोड़ रुपए के मूल्य के शेयर्स की खरीदी की। फरवरी महीने में विदेशी निवेशकों ने कुल 22,219 करोड़ रुपए के शेयर्स बेचे जबकि घरेलू निवेशकों ने इसी दौरान 42,084 करोड़ रुपए के शेयर्स खरीदे।
अक्टूबर तक भारतीय शेयर बाजार में FII निवेश का इक्विटी वैल्यू 51.51 लाख करोड़ रुपए था, जो फरवरी अंत में घटकर 47.28 लाख करोड़ रुपए रह गया। इनका सबसे ज्यादा निवेश टोटल फाइनेंशियल सर्विसेस में है जो 14.33 लाख करोड़ रुपए है। इसके बाद बैंक सेक्टर में 8.55, अन्य फाइनेंशियल सर्विसेस में 5.77, ऑयल एंड गैस में 4.99 और सॉफ्टवेयर सर्विसेस में 6.69 लाख करोड़ रुपए निवेश का वैल्यू है।
घरेलू निवेशक मार्च 2021 से अब तक एक साल की अवधि में हर महीने शेयर्स खरीदे हैं। अक्टूबर से अब तक इन्होंने 1.30 लाख करोड़ रुपए के शेयर्स खरीदे हैं। जबकि मार्च के 4 दिन के आंकड़े को मिला दें तो यह रकम 1.48 लाख करोड़ रुपए हो जाती है।
जनवरी में FII ने 33,303 करोड़ रुपए के शेयर्स बेचे। घरेलू निवेशकों ने 21,928 करोड़ मूल्य के शेयर्स खरीदे। दिसंबर 2021 में FII ने 19,026, नवंबर में 5,945 और अक्टूबर में 13,550 करोड़ रुपए के शेयर्स बेचे। इस तरह से पिछले 5 महीने में इन्होंने कुल शुद्ध रूप से 1.10 लाख करोड़ रुपए के शेयर्स बेचे हैं। अगर मार्च के 4 दिनों के आंकड़ों को जोड़ दें तो कुल बिकवाली 1.30 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा की हो गई है।
मार्च 2020 में कोविड महामारी के भारत में पहुंचने के बाद से फरवरी 2022 में FII ने सबसे ज्यादा बिकवाली की है। इस महीने खत्म होने वाले चालू वित्त वर्ष में FII ने 2.5 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा के शेयर बेचे हैं। इसके पहले 19 अक्टूबर, 2021 को बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स 62,245 के रिकॉर्ड लेवल पर पहुंचा था। अब यह वहां से 15% टूटकर 53 हजार के नीचे आ गया है।