2008 की तरह शेयर बाजार में कमाई का शानदार मौका, बन सकते हैं करोड़पति 

मुंबई- शेयर बाजार की गिरावट ने निवेशकों को डरा दिया है। सोमवार को बाजार बड़ी गिरावट के साथ बंद हुए। दरअसल, यूक्रेन पर रूस के हमलों ने बाजार की हवा निकाल दी है। आज हमले का 13 वां दिन है। इस बीच रूस के रुख में नरमी का कोई संकेत नहीं है। रूस ने 24 फरवरी की सुबह (भारतीय समय के अनुसार) यूक्रेन पर हमला कर दिया था।  

24 फरवरी से अब तक सेंसेक्स करीब 4500 अंक गिर चुका है। इस दौरान निफ्टी 1200 अंक लुढ़का है। साल 2008 में 21 जनवरी को भारतीय शेयर बाजार में बड़ी गिरावट आई थी। इस दिन सेंसेक्स 1408 अंक गिरकर 17,065 अंक पर बंद हुआ था। फीसदी में यह गिरावट आज की गिरावट आज के मुकाबले चार गुना ज्यादा थी। उस दिन भी सोमवार था। 

22 जनवरी, 2008 को फिर सेंसेक्स 875 अंक गिर गया था। 11 फरवरी को फिर बाजार में बड़ी गिरावट आई। उस दिन सेंसेक्स 834 अंक गिरकर 16,630 अंक पर बंद हुआ था। फिर पूरे साल बाजार में गिरावट जारी रही। इस गिरावट का अंदाजा आप इस बात से लगा सकते हैं कि करीब एक साल में सेंसेक्स आधा रह गया था। 22 फरवरी, 2008 को सेंसेक्स 17,349 अंक पर था। 20 फरवरी, 2009 को यह 8,849 पर बंद हुआ था। 

उसके बाद के एक साल में स्टॉक मार्केट में शानदार तेजी आई। 26 फरवरी, 2010 को सेंसेक्स फिर से 16,429 अंक पर पहुंच गया था। यानी हर गिरावट के बाद बाजार संभलने में कामयाब रहा। इसलिए निवेशक को 2008 में भारतीय बाजार में बने हालात के बारे में जान लेना जरूरी है। दरअसल, कोरोना की महामारी शुरू होने के बाद से स्टॉक मार्केट में बड़ी संख्या में नए निवेशकों ने एंट्री ली है। उन्हें मार्केट में 2008 के बाद आई गिरावट के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं है। 

2008 के बाद आई गिरावट के दौरान जिन निवेशकों ने अपना धैर्य बनाए रखा, वे आज करोड़पति बन गए हैं। उस गिरावट का फायदा उठा नए निवेश करने वाले निवेशकों ने भी खूब मुनाफा कमाया है। 2009 से 2022 के 13 साल में ऐसी तमाम कंपनियां है, जिन्होंने निवेशकों को 30 से 40 गुना तक रिटर्न दिया है। इसका मतलब है कि तब अगर आपने करीब 3 लाख रुपये लगाए होते तो आज एक करोड़ रुपये के मालिक होते। 

उदाहरण के लिए टीसीएस (TCS) के शेयर का भाव इस दौरान 30 गुना से ज्यादा हो गया है। पिछले 13 साल में मारुति सुजुकी के शेयर का भाव 10 गुना हो गया है। माइंडट्री के शेयर का भाव इस दौरान 75 गुना हो गया है। बजाज फाइनेंस के शेयर का भाव 1000 गुना हो गया है। 

इन शेयरों की कीमतें यह बताती है कि जिन निवेशकों ने बाजार में अपना निवेश बनाए रखा, आज वे बड़ी दौलत के मालिक हैं। इसलिए आपको भी स्टॉक मार्केट में आ रही गिरावट से परेशान नहीं होना चाहिए। अगर आपने अच्छी कंपनियों में निवेश किया है तो आपको डरने की जरूरत नहीं है। रूस-यूक्रेन की लड़ाई खत्म होने पर बाजार में फिर से रौनक लौटेगी। तब आज गिरने वाले शेयर न सिर्फ इस गिरावट की भरपाई कर लेंगे बल्कि वे नई ऊंचाई को छुएंगे। अगर आपके पास अतिरिक्त पैसा है, जिसकी जरूरत आपको 2-3 साल के लिए नहीं है तो आप गिरावट के इस मौके का इस्तेमाल खरीदारी के लिए कर सकते हैं। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *