सेंसेक्स 2700 पाइंट टूटकर बंद, निवेशकों को 13 लाख करोड़ का घाटा, बैंकिंग शेयर जमकर गिरे
मुंबई- शेयर बाजार आज पिछले कई सालों का गिरावट का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। रूस-यूक्रेन युद्ध से बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स 2702 पाइंट टूटकर 54,529 पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 815 अंक गिरकर 16,247 पर बंद हुआ।
निवेशकों को आज 13 लाख करोड़ रुपए का घाटा हुआ है। कल मार्केट कैप 255.68 लाख करोड़ रुपए था जो आज 242 लाख करोड़ रुपए रह गया। बैंकिंग शेयर्स की जबरदस्त पिटाई हुई है। वहीं दूसरी ओर सोने में आज शानदार तेजी देखने को मिल रही है। ये 52 हजार के करीब पहुंच गया है। इसके अलावा क्रूड ऑयल 100 डॉलर प्रति बैरल के पार निकल गया है। इससे पहले 2014 में ऐसा हुआ था।
जो शेयर्स ज्यादा गिरे हैं उसमें इंडसइंड बैंक 8.43%, एक्सिस बैंक 6.34, महिंद्रा 6.15, बजाज फाइनेंस, 6%, मारुति 5.65%, टाटा स्टील 5.61%, बजाज फिनसर्व 5.59%, टेक महिंद्रा 5.48% टूटकर बंद हुआ। HDFC बैंक, 5.48, विप्रो 5.38, एशियन पेंट्स, 5.30, अल्ट्राटेक 5.30%, SBI 5.20% टूटा। देश की सबसे बड़ी कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज का शेयर 4.98%, एचसीएल टेक का 4.73, एनटीपीसी का 4.62 पर्सेंट टूटकर बंद हुआ।
दरअसल, रूस ने यूक्रेन पर हमले की घोषणा की है। इस वजह से दुनिया के सभी शेयर बाजार गिरावट में हैं। सेंसेक्स के सभी 30 शेयर्स गिरावट में रहे। इसमें सबकी गिरावट 1.24% से ऊपर ही रही। उधर रूस का शेयर बाजार 50% गिर गया है। यहां सुबह कारोबार बंद हो गया था। हालांकि दोपहर बाद फिर से इसे चालू किया गया।
सेंसेक्स के 96 शेयर अपर सर्किट में और 1059 लोअर सर्किट में हैं। इसका मतलब एक दिन में इनके शेयर्स में एक तय सीमा से ज्यादा की गिरावट नहीं आ सकती है और न ही बढ़त हो सकती है। सेंसेक्स में लिस्टेड कंपनियों में से 3,158 शेयर्स गिरावट में और 234 शेयर्स बढ़त में रहे। 72 शेयर्स एक साल के ऊपरी स्तर और 279 निचले स्तर पर कारोबार कर रहे हैं।
आज क्रिप्टोकरेंसी मार्केट में बढ़त भी बड़ी गिरावट देखने को मिल रही है। बिटकॉइन दोपहर 3 बजे तक 7.23% (24 घंटे में) की गिरावट के साथ 28.46 लाख रुपए पर कारोबार कर रहा था। इस दौरान इसकी कीमत में 2.21 लाख रुपए से ज्यादा की गिरावट आई है।
वहीं इथीरियम में बीते 24 घंटे में 10.79% की गिरावट देखी गई है। यह 23,193 रुपए गिरकर 1.91 लाख रुपए पर आ गई है। इसके अलावा कारडानो, सोलाना और पोल्काडॉट सहित ज्यादातर क्रिप्टोकसेंसी में भी आज गिरावट देखने को मिल रही है।
रूस के यूक्रेन के खिलाफ जंग का ऐलान के बाद कच्चे तेल (ब्रेंट क्रूड) के दाम 100 डॉलर प्रति बैरल के पार निकल गए हैं। ये इसका 8 साल का हाई है। एक्सपर्ट्स के अनुसार आने वाले दिनों में इसके दाम 120 डॉलर तक जा सकते हैं। इससे पेट्रोल-डीजल 20 रुपए तक महंगे हो सकते हैं।
आज सोने की कीमत में शानदार तेजी देखने को मिल रही है। MCX पर आज 11 सोना 1,182 रुपए की बढ़त के साथ 51,561 पर ट्रेड कर रहा है। वहीं चांदी की बात करें तो ये 1,583 रुपए के उछाल के साथ 66,168 पर कारोबार कर रही है। इंटरनेशनल मार्केट में भी सोना 1,943 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया है।