रूसी सैनिक यूक्रेन की राजधानी में घुसे, तीन ओर से रूस का अटैक
मुंबई- रूसी सैनिक अब यूक्रेन की राजधानी कीव में घुस चुके हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अब तक 40 यूक्रेनी सैनिक और 10 नागरिक मारे जा चुके हैं। वहीं, यूक्रेन ने रूस के 50 सैनिकों को मारने और 6 फाइटर जेट्स-टैंक्स तबाह करने का दावा किया। रूस तीन तरफ से यूक्रेन पर हमले कर रहा है।
उधर, यूक्रेन में भारतीय राजदूत ने कहा है कि कीव में इंडियन एम्बेसी बंद नहीं होगी। यह पहले की तरह काम करती रहेगी। वहीं, विदेश राज्यमंत्री वी. मुरलीधरन ने कहा- विदेश मंत्रालय यूक्रेन से छात्रों सहित लगभग 18,000 भारतीयों को वापस लाने के लिए कदम उठा रहा है। यूक्रेन में हवाई क्षेत्र बंद है इसलिए भारतीय नागरिकों को निकालने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है।
इसके पहले, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन ने नेशनल टेलीविजन पर हमले का ऐलान किया। कहा- रूस और यूक्रेन के बीच किसी ने भी दखल दिया तो अंजाम बहुत बुरा होगा। उनका इशारा अमेरिका और NATO फोर्सेज की तरफ था। बयान के 5 मिनट बाद ही यूक्रेन की राजधानी कीव समेत कई प्रांतों में 12 धमाके हुए। कीव पर मिसाइल अटैक भी हुआ। वहां एयरपोर्ट बंद कर दिया गया। इस कदम के चलते यूक्रेन में फंसे भारतीयों के रेस्क्यू मिशन भी रोकना पड़ा। यूक्रेन गई एअरइंडिया की फ्लाइट डेंजर जोन अलर्ट के चलते लौट आई है।