सोने की कीमत पहुंची 51 हजार के पार, और महंगा हो सकता है
मुंबई- रूस-यूक्रेन में तनाव के चलते सोना-चांदी में शानदार तेजी है। सोना एक बार फिर 51 हजार और चांदी 65 हजार करीब पहुंच गई है। चांदी की बात करें तो सर्राफा बाजार में चांदी 64,656 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई है।
इस महीने अब तक सोने में अच्छी तेजी देखी जा रही है। अभी तक सिर्फ 22 दिनों में ही 2,571 रुपए महंगा हो गया है। 1 फरवरी को ये 47,976 रुपए प्रति 10 ग्राम में था जो अब 50,547 रुपए पर पहुंच गया है। जियोपॉलिटिकल टेंशन बढ़ने के साथ सोने-चांदी मांग बढ़ने से आज यानी मंगलवार को सोने का भाव 9 महीने के हाई पर पहुंच गया।
जयपुर के सर्राफा व्यापारियों के अनुसार अंतर्राष्ट्रीय बाजार में आई तेजी की वजह से सोने-चांदी की कीमत में भी इजाफा होने लगा है। भविष्य में सोना 55 हजार प्रति तोला, जबकि चांदी 70 हजार प्रति किलो की कीमत को पार कर सकती है। पिछले साल दिवाली पर भी सोना 50,000 को पार कर गया था। तब कोरोना संक्रमण का दौर था। लेकिन अब बिना किसी बड़ी वजह के सोने-चांदी की कीमत में तेजी आ रही है।
बीते 1 साल में सोने की कीमत में तेजी देखने को मिली है। एक साल पहले सोना यानी 22 फरवरी 2021 को सोना 46,649 रुपए प्रति पर था जो अब 50,547 रुपए पर आ गया है। यानी बीते 1 साल में सोना 3,898 रुपए महंगा हुआ है। यानी बीते 1 साल में इसकी कीमत 8.36% बढ़ी है। अंतरराष्ट्रीय बाजार की बात करें तो सोना 1,909.12 अमेरिकी डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया है। वहीं चांदी की बात करें तो ये 24 डॉलर प्रति औंस के पार निकल गई है।
एक्सपर्ट्स का कहना है कि सोने में अभी तेजी के पूरी संभावना है क्योंकि महंगाई कम नहीं हो पा रही है। इंटरनेशनल मार्केट में सोना अगले तीन-चार महीने में 2000 डॉलर के स्तर तक पहुंच सकता है। इससे हमारे यहां सोना 52 हजार के पार हो सकता है। महंगाई और यूक्रेन-रूस के बीच बढ़ते विवाद के कारण ग्लोबल टेंशन बढ़ी है। इससे सोने को सपोर्ट मिलेगा और ये इस साल 55 हजार रुपए प्रति 10 ग्राम तक जा सकता है।