पंजाब नेशनल बैंक को 1,127 करोड़ रुपए का फायदा, ग्रॉस एनपीए 12.88%

मुंबई- देश के दूसरे नंबर के सबसे बड़े सरकारी बैंक पंजाब नेशनल बैंक को दिसंबर तिमाही में 1,127 करोड़ रुपए का फायदा हुआ है। बैंक ने कहा कि उसकी ब्याज से शुद्ध कमाई 22.8% बढ़कर 7,803 करोड़ रुपए इस दौरान रही।  

बैंक ने शुक्रवार को अपना रिजल्ट जारी किया। उसका फायदा एक साल पहले की तुलना में 122.7 पर्सेंट बढ़ा है। फीस से मिलने वाली उसकी इनकम तिमाही आधार पर 10 पर्सेंट बढ़कर 1,420 करोड़ रुपए रही। बैंक का ग्रॉस NPA यानी बुरा फंसा कर्ज 12.88% रहा जबकि शुद्ध एनपीए 4.90% रहा। 

बैंक ने बताया कि सालाना आधार पर इसका रिटेल कर्ज 7.7% बढ़कर 1.24 लाख करोड़ रुपए रहा जबकि कृषि सेक्टर में इसने 1.02 लाख करोड़ रुपए की उधारी दी। इसमें 6.2% की बढ़त हुई। छोटे और मझोले उद्योगों को बैंक ने 1.23 लाख करोड़ रुपए का कर्ज दिया जिसमें 4.1% की बढ़त रही।  

बैंक के बचत खाते की जमा रकम 8.76% बढ़कर सालाना आधार पर 4.34 लाख करोड़ रुपए हो गई है। जबकि चालू एवं बचत खाता का जमा 7.59% बढ़कर 5.05 लाख करोड़ रुपए रहा। इसका कुल बिजनेस 4.04% बढ़कर 18.82 लाख करोड़ रुपए रहा है जो एक साल पहले दिसंबर 2020 में 18.09 लाख करोड़ रुपए था। कुल जमा रकम इसकी 11.27 लाख करोड़ रुपए थी जो एक साल पहले 10.82 लाख करोड़ रुपए की तुलना में 4.17% बढ़ी है।  

बैंक ने इस दौरान कुल 7.55 लाख करोड़ रुपए का कर्ज दिया है। एक साल पहले इसने 7.27 लाख करोड़ रुपए का कर्ज दिया था। इसमें 3.83% का इजाफा हुआ है। रिटेल, कृषि, छोटे और मझोले उद्योगों को इसमें से 3.89 लाख करोड़ रुपए का कर्ज दिया, जिसमें 9%  की बढ़त रही। इनका हिस्सा कुल कर्ज में 54% है। रिटेल सेगमेंट में हाउसिंग लोन में 6.2% की बढ़त रही और यह 74,483 करोड़ रुपए रहा। गाड़ियों के लोन में 23.2% की बढ़त हुई है जो 11,542 करोड़ रुपए रहा जबकि पर्सनल लोन 7.8%बढ़कर 11,257 करोड़ रुपए रहा। सोने के एवज में बैंक ने 910 करोड़ रुपए का लोन दिया।  

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *