जोमैटो, पेटीएम, पॉलिसी बाजार और कारट्रेड के शेयर 51% तक टूटे
मुंबई- पिछले साल लिस्ट हुईं टेक कंपनियों के शेयर्स एक हफ्ते में 15% तक टूट गए हैं। जबकि एक साल के ऊपरी स्तर से इनकी कीमतों में 51% तक की गिरावट आई है। इस हफ्ते में भी इनका शेयर 15 पर्सेंट तक टूटा है। इसमें से तीन कंपनियों का मार्केट कैप एक लाख करोड़ रुपए के पार था, पर अब तीनों इससे नीचे हो गई हैं। जोमैटो का मार्केट कैप घटकर 89,537 करोड़ रुपए हो गया है जबकि पेटीएम का कम होकर 62,227 करोड़ हो गया। नायका का वैल्यूएशन गिर कर 94,226 करोड़ रुपए हो गया है।
वैसे इस हफ्ते में शेयर बाजार में भारी बिकवाली दिखी। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स 2271 अंक या 3.5% गिरकर बंद हुआ है। मंगलवार से गुरुवार तक इसमें रोजाना 500 अंकों से ज्यादा की कमी आई। शुक्रवार को भी यह 427 पॉइंट्स टूटकर बंद हुआ। सेंसेक्स में 26 नवंबर के बाद से किसी एक हफ्ते में सबसे ज्यादा गिरावट इस दौरान रही। निफ्टी का IT इंडेक्स इस दौरान 7% गिरा, जो मार्च 2020 के बाद पहली बार इतनी बड़ी गिरावट थी।
नायका का शेयर बाजार की गिरावट से बच नहीं पाया। यह एक हफ्ते में 3% के करीब टूटकर 1,992 रुपए पर आ गया है। इसी तरह पॉलिसी बाजार का स्टॉक 8.20% गिर कर 864 रुपए पर आ गया है, जबकि कारट्रेड का शेयर 3.81% गिरावट के साथ 813 रुपए पर आ गया है। जोमैटो का शेयर एक हफ्ते में 14.93%गिरा है। शुक्रवार को ही इसमें 9% की गिरावट आई थी और यह 113.75 रुपए पर आ गया। इसी तरह पेटीएम की पैरेंट कंपनी वन97 कम्युनिकेशन का स्टॉक 14.15% टूटकर 959 रुपए पर आ गया है। जोमैटो का शेयर तो अब लिस्टिंग प्राइस से भी नीचे चला गया है।
एक साल के ऊपरी स्तर से बात करें तो नायका का शेयर का भाव 26 नवंबर को2,574 रुपए पर था। इसमें 22.37% की गिरावट आई है, जबकि पॉलिसीबाजार का शेयर 17 नवंबर को 1,470 रुपए के स्तर से 41.21% गिर गया है। कारट्रेड के स्टॉक का भाव 20 अगस्त 2021 को 1,610 रुपए था। तब से इसमें 49.77% की गिरावट आई है। जोमैटो का स्टॉक 16 नवंबर को 169 रुपए पर था। यह तब से अब तक 32.79% टूट गया है। पेटीएम का शेयर 18 नवंबर को 1,961 रुपए पर था। इसमें 51.03% की गिरावट आई है। हालांकि यह स्टॉक कभी भी अपने इश्यू प्राइस 2,150 रुपए पर नहीं पहुंच पाया।