रिलायंस को दिसंबर तिमाही में शुद्ध फायदा 20,539 करोड़ रुपए

मुंबई- देश की सबसे बड़ी कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज को अक्टूबर से दिसंबर तिमाही के बीच 20,539 करोड़ रुपए का शुद्ध फायदा हुआ है। एक साल पहले इसी अवधि की तुलना में यह 37.9% ज्यादा है। कंपनी ने चालू वित्त वर्ष के 9 महीने में 80 हजार लोगों को नौकरियां दी हैं। रिलायंस रिेटेल ने 9 महीने में 7.600 करोड़ रुपए का निवेश किया। 

कंपनी ने शुक्रवार की देर शाम बाजार बंद होने के बाद रिजल्ट जारी किया।  

कंपनी का शेयर मामूली गिरावट के साथ आज 2,478 रुपए पर बंद हुआ। इसका मार्केट कैप 16.76 लाख करोड़ रुपए रहा। इसने बताया कि ग्रुप का ग्रॉस रेवेन्यू दिसंबर तिमाही में 2.09 लाख करोड़ रुपए रहा, जो एक साल पहले की तुलना में 52.2% ज्यादा है।  

केवल रिलायंस इंडस्ट्रीज का रेवेन्यू दिसंबर तिमाही में 122,811 करोड़ रुपए रहा। एक साल पहले की तुलना में यह 71.9% ज्यादा है। शुद्ध फायदा 10,167 करोड़ रुपए रहा, जो एक साल पहले की तुलना में 17.8% अधिक है। कंपनी ने इस दौरान 64,781 करोड़ रुपए के सामानों का एक्सपोर्ट किया। यह दिसंबर 2020 की तुलना में 105% अधिक है।  

इसकी टेलीकॉम कंपनी जियो के प्रति ग्राहक की महीने की कमाई दिसंबर में 151.6 रुपए रही है। यह सितंबर में 143.6 रुपए थी। यानी इसमें प्रति ग्राहक कमाई 7 रुपए बढ़ी है। इसी के साथ इसने तीसरी तिमाही में 3.46 करोड़ ग्राहक जोड़े हैं। इसके साथ कुल ग्राहकों की संख्या 42.1 करोड़ हो गई। इसका कुल रेवेन्यू 25,176 करोड़ रुपए रहा जो कि एक साल पहले के 22,858 करोड़ की तुलना में 13.8 पर्सेंट ज्यादा है।  

जियो प्लेटफॉर्म का तिमाही में फायदा 3,795 करोड़ रुपए रहा। एक साल पहले के 3,486 करोड़ की तुलना में इसमें 8.9% की ग्रोथ रही। रिलायंस रिटेल के पास कुल 14,412 स्टोर देश भर में हैं। दिसंबर तिमाही में इसने 837 नए स्टोर खोले हैं। यानी करीबन 9 स्टोर हर दिन खोले गए हैं। इसके साथ रिटेल स्टोर की कुल एरिया 4 करोड़ वर्ग फुट हो गई है जो एक साल पहले 3.12 करोड़ वर्ग फुट थी।  

रिलायंस रिटेल का ग्रॉस रेवेन्यू तिमाही के दौरान 57,714 करोड़ रुपए रहा। एक साल पहले के समान तिमाही में 37,845 करोड़ की तुलना में इसमें 52.5% की बढ़त आई है। इस सेगमेंट का फायदा  2,259 करोड़ रुपए रहा और इसमें 23.4% की ग्रोथ देखी गई। 

इस बारे में कंपनी के चेयरमैन एवं मैनेजिंग डायरेक्टर मुकेश अंबानी ने कहा कि इस तिमाही का यह बहुत अच्छा रिजल्ट है। हमारे सभी बिजनेस ने मजबूत योगदान किया है। हमारे कंज्यूमर बिजनेस, रिटेल और डिजिटल सेवाओं ने रिकॉर्ड रेवेन्यू हासिल किया है। इसके ऑयल टू केमिकल सेगमेंट का रेवेन्यू 131,427 करोड़ रुपए रहा। एक साल पहले इसी अवधि में यह 83,838 करोड़ रुपए था। इसमें 56.8 पर्सेंट की बढ़त दिखी है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *