सेंसेक्स 850 पॉइंट्स गिरा, 1 मिनट में निवेशकों के 3 लाख करोड़ डूबे
मुंबई- शेयर बाजार में आज भारी गिरावट है। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स 600 पॉइंट्स गिर कर 59,621 पर पहुंच गया है। निवेशकों को आज 60 सेकेंड में 3 लाख करोड़ रुपए का घाटा हुआ है।
इससे पहले कल बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स 367 पॉइंट्स बढ़कर 60,223 पर जबकि निफ्टी 120 अंक बढ़त के साथ 17,925 पर बंद हुआ। चार दिनों में सेंसेक्स 2400 अंक बढ़ चुका है। लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप 270.60 लाख करोड रुपए है। कल यह 272.35 लाख करोड़ रुपए था। यानी इसमें आज 3 लाख करोड़ की गिरावट आई है।
सेंसेक्स 492 पॉइंट्स नीचे 59,731 पर खुला था। खुलते ही पहले मिनट में यह 600 अंक टूट गया। इसके 30 शेयर्स में से केवल 4 शेयर्स बढ़त में हैं बाकी 26 गिरावट में हैं। HDFC लिमिटेड के शेयर में 3% की गिरावट है। गिरने वाले प्रमुख स्टॉक में HCL टेक, HDFC बैंक, इंफोसिस और टेक महिंद्रा डेढ़-डेढ़ पर्सेंट नीचे हैं। कोटक बैंक, महिंद्रा एंड महिंद्रा, इंडसइंड बैंक, ICICI बैंक, बजाज फिनसर्व 1-1% टूटे हैं। बढ़ने वाले स्टॉक में केवल एयरटेल है।
सेंसेक्स के 250 स्टॉक अपर सर्किट में और 170 लोअर सर्किट में हैं। सर्किट का मतलब एक दिन में उससे ज्यादा बढ़त या गिरावट किसी शेयर में नहीं हो सकती है। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 166 अंक गिरकर 17,759 पर कारोबार कर रहा है। यह 17,768 पर खुला था। दिन में इसने 17,797 का ऊपरी और 17,737 का निचला स्तर बनाया।
इसके 50 शेयर्स में से 43 गिरावट में और 7 बढ़त में कारोबार कर रहे हैं। निफ्टी के मिडकैप, बैंकिंग, फाइनेंशियल और नेक्स्ट 50 इंडेक्स गिरावट में हैं। निफ्टी के गिरने वाले प्रमुख शेयर्स में HDFC, HCL टेक, HDFC बैंक, टेक महिंद्रा, और आयशर मोटर्स हैं। बढ़ने वाले शेयर्स में हिंडालको, एयरटेल, UPL और सनफार्मा हैं।