ICICI प्रूडेंशियल म्यूचुअल फंड ने देश का पहला ऑटो ETF लॉन्च किया
मुंबई- देश की अग्रणी म्यूचुअल फंड कंपनी ICICI प्रूडेंशियल म्यूचुअल फंड ने देश का पहला ऑटो एक्सचेंज ट्रेडेड फंड (ETF) लॉन्च किया है। इसमें कम से कम एक हजार रुपए से निवेश कर सकते हैं। यह ऑफर 5 जनवरी से खुलेगा और 10 जनवरी को बंद होगा। यह एक ओपन एंडेड ETF है जो निफ्टी ऑटो इंडेक्स को ट्रैक करेगा। इसमें फाइनेंशियल मार्केट के ऑटोमोबाइल सेगमेंट का प्रदर्शन रिफ्लेक्ट होगा। इस नए फंड का उद्देश्य ऑटो और इससे जुड़ी ब्लूचिप कंपनियों में निवेश करने का है।
इस बारे में कंपनी के प्रोडक्ट हेड चिंतन हरिया ने कहा कि, हमारा मानना है किICICI प्रूडेंशियल निफ्टी ऑटो ETF के जरिए निवेशक भारतीय ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री के उभरते हुए सेगमेंट में निवेश करने में सक्षम होंगे। हरिया ने कहा कि, ऑटो कंपोनेंट के लिए भारत उभरता हुआ ग्लोबल हब है। सरकार के सपोर्ट से इलेक्ट्रिक मोबिलिटी को रफ्तार मिल रही है। हमारा मानना है कि इस स्पेस में अच्छा प्रदर्शन दिखेगा। ऑटो एक साइक्लिकल सेक्टर है। यह इकोनॉमिक साइकल के तमाम चरण का पालन करता है।
ऑटो इंडस्ट्री का फायदा लगातार बढ़ रहा है। हालांकि यह एकमात्र इंडस्ट्री है जो कैश जनरेशन वाली है। कुछ ऐसे फैक्टर्स हैं जो इसके लिए अच्छा हैं। इसमें लोगों की बढ़ रही कमाई से उनकी खरीदने की क्षमता मजबूत हो रही है। कम मजदूरी पर लेबर का मिलना इस सेक्टर के लिए अच्छा है। साथ ही सरकार की नीतियां भी ऑटो इंडस्ट्री को रफ्तार दे रही हैं। दरअसल, मैक्रो एक्टिविटीज और अर्थव्यवस्था के खुलने से मजबूत रिकवरी हो रही है। इस वजह से इसमें डिमांड दिख रही है। इसे ICICI प्रूडेंशियल निफ्टी ऑटो ETF नाम दिया गया है। इसका उद्देश्य ऑटो कंपनियों के शेयर्स में निवेश कर रिटर्न देने का है।
इंडेक्स के टॉप 10 ऑटो होल्डिंग में मारुति का वजन 19% से ज्यादा है जबकि टाटा मोटर्स का 16.78%, महिंद्रा एंड महिंद्रा का 16.32%, बजाज ऑटो का 8.61 और आयशर मोटर्स का 6.74% है। ICICI प्रूडेंशियल निफ्टी ऑटो ETFलार्ज कैप कंपनियों में निवेश करेगा जो इलेक्ट्रिक व्हीकल्स पर फोकस करेगा। इस समय इसके पास कुल 7 ETF हैं। पूरी दुनिया में ऑटो के रिसर्च एंड डेवलपमेंट पर 31 अरब डॉलर का निवेश होता है। इसमें करीबन 40% हिस्सा भारत का है। भारत में मारुति का बाजार हिस्सा 50% है। इस समय करीबन 2 लाख व्हीकल्स के ऑर्डर अभी लाइन में हैं।