अब असली पी पर छापा, अखिलेश यादव के पहुंचने से पहले एमएलसी पर इनकम टैक्स की रेड
मुंबई- उत्तर प्रदेश के कन्नौज में एक और इत्र व्यापारी के घर शुक्रवार को इनकम टैक्स विभाग ने छापा मारा है। व्यापारी का नाम पुष्पराज जैन पम्पी है। उन्होंने 2022 के लिए 22 फूलों से बना समाजवादी इत्र लॉन्च किया था। छापा अभी जारी है। वो समाजवादी पार्टी से MLC भी हैं। 23 दिसंबर को पीयूष के ठिकानों पर छापा पड़ा। इसके बाद सपा का इत्र बनाने वाले पुष्पराज जैन पम्पी का नाम भी सामने आने लगा।
पुष्पराज सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के करीबी और पार्टी के बड़े फाइनेंसर बताए जाते हैं। पीयूष जैन के यहां छापेमारी के बाद से ही पम्पी चर्चा में थे। उनका घर भी पीयूष जैन के घर से कुछ ही दूरी पर है। इसके अलावा एक और इत्र कारोबारी मलिक मियां के ठिकानों पर भी कन्नौज में छापेमारी चल रही है। पिछली बार भी IT विभाग पुष्पराज के ठिकानों पर छापा मारने की तैयारी में था। टीम को P की तलाश थी। लेकिन टीम गलती से P यानी पीयूष जैन के घर पहुंच गई।
अखिलेश यादव आज कन्नौज के दौरे पर जाएंगे। बताया जा रहा है कि यहां पुष्पराज को भी आना था। पम्पी जैन के नजदीकियों ने बताया कि जिस दिन कानपुर में पीयूष जैन के यहां छापा पड़ा था। उसके अगले दिन ही पम्पी जैन मुंबई रवाना हो गया था। क्योंकि, उसे पूरी शंका थी कि उसके यहां भी आईटी की टीम पहुंच सकती है। बताया जा रहा है कि मुंबई में पम्पी अपने चार्टर्ड एकाउंटेंट से मिला है।
कयास लगाए जा रहे हैं कि 8 दिन बाद पुष्पराज जैन के घर छापे में कुछ खास बरामदगी नहीं हो सकती है। क्योंकि इन दिनों में कोई भी अपनी संपत्ति को ठिकाने लगा सकता है। पुष्पराज जैन को 2016 में इटावा-फर्रुखाबाद से सपा एमएलसी चुना गया था। वह प्रगति अरोमा ऑयल डिस्टिलर्स प्राइवेट लिमिटेड के सहमालिक हैं। उनके पिता सवैललाल जैन ने 1950 में इस बिजनेस की शुरुआत की थी। पुष्पराज का इत्र का बड़ा कारोबार 12 से ज्यादा देशों में फैला है।