मुंबई में इस साल जमकर बिकीं प्रॉपर्टी, एक लाख से ज्यादा बिके फ्लैट

मुंबई- रियल एस्टेट कंसल्टिंग फर्म नाइट फ्रैंक ने कहा है कि मुंबई में प्रॉपर्टी बिक्री के आंकड़ों ने 2021 में एक दशक में पहली बार 1 लाख का आंकड़ा पार कर लिया है। इसके पहले 2018 में मुंबई में 80,746 यूनिट का रजिस्ट्रेशन हुआ था।

नवंबर 2021 में मुंबई में 7,582 यूनिट का रजिस्ट्रेशन हुआ। इस अवधि में मुंबई में प्रॉपर्टी रजिस्ट्रेशन में सालाना आधार पर 18 फीसदी की गिरावट देखने को मिली है। बता दें कि पिछले साल इस महीने में स्टैम्प ड्यूटी 2 फीसदी के न्यूनतम लेवल पर थी। हालांकि महीने दर महीने आधार पर देखें तो नवंबर 2021 में अक्टूबर 2021 की तुलना में प्रॉपर्टी रजिस्ट्रेशन में 12 फीसदी की गिरावट देखने को मिली है।

अक्टूबर 2021 प्रॉपर्टी रजिस्ट्रेशन के नजरिए से इस दशक का सबसे बेहतर अक्टूबर महीना रहा था। अक्टूबर में मुंबई रीजन में 8,576 यूनिट रजिस्ट्रर्ड हुए थे। सालाना आधार पर इसमें 8 फीसदी की बढ़ोतरी देखने को मिली थी। बता दें कि अक्टूबर 2020 में भी स्टैंम्प ड्यूटी की दर 2 फीसदी के निम्नतम स्तर पर थी। नाइट फ्रैंक के आंकड़ों के मुताबिक साल 2021 में मुंबई रीजन में प्रॉपर्टी रजिस्ट्रेशन का आंकड़ा 1 लाख को पार कर गया है।

नाइट फ्रैंक के चेयरमैन शिशिर बैजल का कहना है कि मुंबई हाउसिंग मार्केट में निवेशकों का सेटिमेंट मजबूत बना हुआ है। हालांकि अगर पिछले साल के इसी अवधि के निम्नतम स्टैम्प ड्यूटी के दौर से तुलना करें तो ग्रोथ रेट थोड़ी सुस्त नजर आ रही है लेकिन घरों की तुलना में गिरावट, होम लोन के सस्ते होने और नए प्रोजेक्ट्स के लॉन्च जैसी स्थितियों के चलते होम बायर्स में जोश नजर आ रहा है।

नाइट फ्रैंक की रिपोर्ट से यह भी पता चलता है कि 1 करोड़ और उससे कम के भाव की घरों की बिक्री की हिस्सेदारी पिछले 5 महीने के 58 फीसदी के हाई पर रही है। पिछले 3 महीने के दौरान इस सेगमेंट के घरों की बिक्री सितंबर 2021 के 51 फीसदी से बढ़कर अक्टूबर 2021 में 53 फीसदी पर पहुंच गई और वर्तमान में यह 58 फीसदी पर है। महिलाओं के बीच हाउसिंग को प्रमोट करने के लिए महाराष्ट्र सरकार ने महिलाओं के लिए स्टाम्प ड्यूटी 4 फीसदी रखी है जो शहर में लागू स्टैंडर्ड स्टैम्प ड्यूटी से 1 फीसदी कम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *