सेंसेक्स में 700 पॉइंट्स की तेजी, 58 हजार के पार
मुंबई- शेयर बाजार में आज अच्छी खासी तेजी है। सेंसेक्स 700 अंकों की तेजी के साथ 58 हजार के पार कारोबार कर रहा है। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 17,051 पर खुला था। इस समय इसमें 211 अंकों की तेजी है और यह 17,215 पर कारोबार कर रहा है। इसने दिन में 17,197 का हाई बनाया जबकि 17,051 का निचला स्तर बनाया।
इससे पहले कल बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स 153 पॉइंट्स (0.27%) की तेजी के साथ 57,260 पर बंद हुआ। जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 27.50 (0.16%) अंकों की तेजी के साथ 17,053 पर बंद हुआ। सेंसेक्स के 30 शेयर्स में आज डॉ. रेड्डी और महिंद्रा एंड महिंद्रा को छोड़कर बाकी सारे शेयर्स बढ़त के साथ हैं। सबसे ज्यादा तेजी पावर ग्रिड में है। यह शेयर 4 पर्सेंट ऊपर है। अन्य बढ़त वाले शेयर्स में टेक महिंद्रा, एक्सिस बैंक, बजाज फाइनेंस और बजाज फिनसर्व में 2-2 पर्सेंट की तेजी है।
इसके अलावा टाइटन, आईटीसी, टीसीएस, आईसीआईसीआई बैंक, एयरटेल और एशियना पेंट्स के साथ रिलायंस इंडस्ट्रीज में भी तेजी है। सेंसेक्स ने 57,796 का हाई बनाया और 57,252 का निचला स्तर बनाया। बाजार का मार्केट कैप आज 260.09 लाख करोड़ रुपए है।
निफ्टी में निफ्टी नेक्स्ट 50, निफ्टी मिडकैप, निफ्टी बैंक और निफ्टी फाइनेंशियल इंडेक्स में बढ़त है। इसके 50 शेयर्स में से 43 शेयर्स बढ़त में हैं जबकि 7 गिरावट में हैं। इसमें भी एक्सिस बैंक, पावर ग्रिड, टाटा मोटर्स और बजाज फाइनेंस बढ़त में हैं। महिंद्रा एंड महिंद्रा, हीरो मोटो कॉर्प, अडाणी पोर्ट और ग्रासिम के साथ ब्रिटानिया के शेयर्स गिरावट में हैं।