अमीर बिजनेसमैन बनने से चूक गए अडाणी, अंबानी से 13 अरब डॉलर पीछे
मुंबई- अडाणी ग्रुप के मालिक गौतम अडाणी एशिया में पिछले हफ्ते सबसे अमीर बिजनेसमैन बनने के सुनहरे अवसर को मिस कर गए। गौतम अडाणी की संपत्ति मुकेश अंबानी से 13 अरब डॉलर कम हो गई है।
कल रिलायंस इंडस्ट्रीज (RIL) का शेयर 3% बढ़कर 2,471 रुपए पर पहुंच गया है। दरअसल रिलायंस की टेलीकॉम कंपनी जियो ने टैरिफ में इजाफा करने का फैसला किया है। इसका पॉजिटिव असर रिलायंस के शेयर्स पर दिखा है। इसका मार्केट कैप आज 15.69 लाख करोड़ रुपए हो गया है। जबकि अडाणी ग्रुप के कई शेयर लोअर सर्किट या फिर गिरावट में हैं।
ब्लूमबर्ग के अरबपतियों के इंडेक्स के मुताबिक, शुक्रवार के आधार पर मुकेश अंबानी की संपत्ति 91.1 अरब डॉलर है। उनकी संपत्ति उस दिन 3.6 अरब डॉलर घटी थी। जबकि अडाणी की संपत्ति 78.1 अरब डॉलर थी। उनकी संपत्ति 12.4 अरब डॉलर घटी थी। इस तरह से दोनों के बीच 13 अरब डॉलर से ज्यादा का अंतर हो गया है। गुरुवार को दोनों की नेटवर्थ बराबरी पर थी और यह 89-89 अरब डॉलर हो गई थी। रुपए में यह 6.63 लाख करोड़ रुपए थी।
अडाणी ग्रुप की 6 लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप 9.61 लाख करोड़ रुपए है। यानी रिलायंस के मार्केट कैप से करीबन 6 लाख करोड़ रुपए कम है। जबकि 25 नवंबर को रिलायंस का मार्केट कैप 14.99 लाख करोड़ और अडाणी की कंपनियों का मार्केट कैप 10 लाख करोड़ रुपए था।
गौतम अडाणी की अपनी कंपनियों में हिस्सेदारी रिलायंस समूह की कंपनियों में अंबानी की हिस्सेदारी की तुलना में ज्यादा है। मुकेश अंबानी की रिलायंस इंडस्ट्रीज में हिस्सेदारी 50.61% है जबकि अडाणी की हिस्सेदारी उनकी कंपनियों में 70.59% है। अडाणी की 3 कंपनियों में उनकी हिस्सेदारी 74.92-74.92% जबकि एक कंपनी में 74.80 और 2 कंपनियों में यह 60 से 64% है।
वैसे बाजार के इस गिरावट के माहौल में रिलायंस के साथ सभी शेयर्स पिटे हैं। ब्रोकरेज हाउसों का मानना है कि रिलायंस के शेयर्स में यहां से 20% की तेजी देखी जा सकती है। गुरुवार को अंबानी की संपत्ति में 3 अरब डॉलर की कमी आई थी जबकि अडाणी की संपत्ति 12 अरब डॉलर घट गई थी। सऊदी अरामको के साथ 15 अरब डॉलर की डील टूटने के बाद से रिलायंस के शेयर्स में लगातार गिरावट देखी जा रही थी।