सिगाची 2.52 गुना पर लिस्ट, 163 रुपए का निवेश 575 रुपए हो गया
मुंबई- आज 3 कंपनियों के शेयर्स स्टॉक एक्सचेंज पर लिस्ट हुए। सिगाची का शेयर IPO प्राइस की तुलना में 252% पर स्टॉक एक्सचेंज पर लिस्ट हुआ है। पॉलिसी बाजार का शेयर 17% ज्यादा भाव पर लिस्ट हुआ है। जबकि SJS के शेयर ने निराश किया है।
तीनों इश्यू 1-3 नवंबर के बीच खुले थे। सिगाची बाजार से 125 करोड़ रुपए जुटाने के लिए उतरी थी। इसने अपना मूल्य 161 से 163 रुपए तय किया था। हाल में लिस्टिंग में सबसे ज्यादा फायदा देने वाली यह कंपनी बनी है। जो 2.52 गुना का फायदा दिया है। यानी 163 रुपए का निवेश 575 रुपए बन गया। ग्रे मार्केट में इसका प्रीमियम 100% ऊपर था। पर इसने उससे दोगुना ज्यादा फायदा दिया। इसके IPO को 102 गुना का रिस्पांस मिला था। रिटेल निवेशकों ने इसमें 80.49 गुना अपना हिस्सा भरा था।
भारतीय IPO बाजार में सिगाची दूसरी ऐसी कंपनी है जिसका शेयर 2.52 गुना ज्यादा भाव पर लिस्ट हुआ है। इससे पहले तानिया कंस्ट्रक्शन का शेयर अप्रैल 2006 में एक्सचेंज पर 2.6 गुना बढ़त के साथ लिस्ट हुआ था। इस कंपनी ने 50 रुपए में इश्यू लाया था और 180 रुपए पर शेयर लिस्ट हुआ था। हालांकि यह शेयर अब पेन्नी स्टॉक यानी सस्ते भाव वाला हो गया है। यह 83 पर्सेंट नीचे कारोबार कर रहा है।
इसके अलावा 2013 में जीसीएस सिक्योरिटीज का शेयर और 2005 में एफसीएस सॉफ्टवेयर का शेयर 2 गुना बढ़त के साथ लिस्ट हुआ था। यह दोनों भी इस समय पेन्नी स्टॉक बन गए हैं। पिछले महीने पारस डिफेंस का शेयर, उससे पहले इंद्रप्रस्थ गैस, सालासर टेक्नो, एस्ट्रान पेपर और टीवी टुडे का शेयर भी 1 गुना से ज्यादा भाव पर लिस्ट हुआ था। केमकॉन स्पेशियालिटी केमिकल, हैप्पिएस्ट माइंड, जीआर इंफ्रा, रूट मोबाइल, अवेन्यू सुपरमार्ट और आईआरसीटीसी का शेयर भी एक गुना से ज्यादा भाव पर लिस्ट हुआ था।
पॉलिसी बाजार ने 940 से 980 रुपए के भाव पर 5,625 करोड़ रुपए जुटाया था। यह शेयर 1,150 रुपए पर लिस्ट हुआ। यानी इसने 17% का फायदा निवेशकों को दिया है। हालांकि बाद में यह 4% तेजी के साथ 1,189 रुपए पर कारोबार कर रहा था। जबकि इसका एक साल का हाई 1,205 रुपए भी टच हुआ। इसका मार्केट कैप 53 हजार करोड़ रुपए है।
कंपनी का इश्यू 16.58 गुना भरा था। इसे कुल 56 हजार करोड़ रुपए के लिए बिड मिला था। यह ऑन लाइन इंश्योरेंस के बिजनेस में शामिल है। रिटेल का हिस्सा इसमें 3.31 गुना भरा था। कंपनी ने नए इश्यू से 3,750 करोड़ रुपए जुटाए जबकि ऑफर फॉर सेल के जरिए 1,960 करोड़ रुपए जुटाए हैं। कंपनी को वित्तवर्ष 2021 में 150 करोड़ रुपए का घाटा हुआ था।
SJS ने इश्यू का प्राइस 542 रुपए तय किया था। इसका शेयर 547 रुपए यानी 1% ज्यादा भाव पर लिस्ट हुआ है। हालांकि बाद में यह 4% गिरावट के साथ 523 रुपए पर पहुंच गया। कंपनी का इश्यू 1.59 गुना भरा था। रिटेल का हिस्सा 1.42 गुना भरा था। यह 800 करोड़ रुपए जुटाने के लिए बाजार में उतरी थी। IPO पूरी तरह से ऑफर फॉर सेल था। यानी कंपनी के प्रमोटर्स और मौजूदा हिस्सेदारों ने अपनी हिस्सेदारी बेची है। कंपनी को वित्तवर्ष 2021 में 47.76 करोड़ रुपए का फायदा हुआ था।
इक्विटी 99 के को फाउंडर राहुल शर्मा ने कहा कि सिगाची इंडस्ट्रीज का शेयर निवेशकों को जबरदस्त फायदा दिया है। हाल के समय में यह सबसे ज्यादा प्रीमियम पर लिस्ट होने वाला शेयर रहा है। जो निवेशक कम समय के लिए इसमें आए हैं, वे मुनाफा वसूली कर सकते हैं। क्योंकि करीबन 3 गुना का फायदा वे कमा चुके हैं। नए निवेशक इसमें गिरावट का इंतजार करें और उसके बाद खरीदी कर सकते हैं।