एक साल में 35 पर्सेंट का मिल सकता है रिटर्न, देखिए शेयर्स की लिस्ट

मुंबई- दिवाली में इस बार ब्रोकरेज हाउसों ने जिन शेयर्स का चुनाव किया है, वो शेयर्स आपके लिए एक साल में 35 पर्सेंट तक का फायदा दे सकते हैं। यह बैंक एफडी, सोने या अन्य किसी निवेश की तुलना में 3 गुना तक ज्यादा है।

कोटक इंस्टीट्यूशनल ने अपनी रिपोर्ट में कहा कि भारतीय बाजार ने सम्वत 2077 में रिकॉर्ड प्रदर्शन किया है। इस दौरान निफ्टी ने 18 हजार का आंकड़ा पार किया जबकि सेंसेक्स ने 61 हजार का आंकड़ा पार किया। दोनों इंडेक्स ने 50% से ज्यादा बढ़त हासिल की। इस दौरान अब तक विदेशी निवेशकों ने 66 हजार करोड़ रुपए का भारतीय बाजार में निवेश किया।

ICICI डायरेक्ट ने 7 शेयर्स को खरीदने की सलाह दी है। इसने कहा कि बैंक ऑफ बड़ौदा का शेयर 120 रुपए तक जा सकता है। इसमें यहां से 25% का रिटर्न मिल सकता है। एक्शन कंस्ट्रक्शन के शेयर्स में 32% फायदा मिलने की उम्मीद है। इसका शेयर 300 रुपए तक जा सकता है। बाटा इंडिया का शेयर 2,380 रुपए तक जा सकता है। इसमें 22% का रिटर्न मिलने की उम्मीद है।

इसी तरह TCNS क्लोथिंग के शेयर में 17% का रिटर्न मिलेगा। यह शेयर 860 रुपए तक जा सकता है। गेटवे डिस्ट्रीपार्क का शेयर 350 रुपए तक जा सकता है। इसमें 33% का रिटर्न मिल सकता है। महिंद्रा लाइफस्पेस के शेयर में 23% का रिटर्न मिलने की उम्मीद है। यह शेयर 325 रुपए तक जा सकता है। फिलहाल यह 265 रुपए पर कारोबार कर रहा है। VSSL का शेयर 340 रुपए तक जा सकता है। यह अभी 262 रुपए पर है और इसमें 30% का रिटर्न मिलने की उम्मीद है।

कोटक सिक्योरिटीज ने कहा कि इंटरनेशनल मॉनिटरी फंड (IMF) ने अनुमान लगाया है कि भारतीय अर्थव्यवस्था 2022 में 8.5% की दर से बढ़ेगी जो विश्व में सबसे तेज अर्थव्यवस्था में से होगी। इस ब्रोकरेज हाउस ने एक साल के लिए कई शेयर्स को खरीदने की सलाह दी है। ACC सीमेंट को 2,550 रुपए के लक्ष्य पर खरीदने की सलाह दी है। इसमें 15.5% का रिटर्न मिलेगा।

सरकारी कंपनी भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन (BPCL) के शेयर को इसने 550 रुपए के लक्ष्य पर खरीदने की सलाह दी है। इसमें 27.4% का रिटर्न मिलने की उम्मीद है। इसी तरह से हिंडालको इंडस्ट्रीज को 565 रुपए पर खरीदने की सलाह है इसमें 19.4% का रिटर्न मिल सकता है। FMCG कंपनी हिंदुस्तान यूनिलीवर में 20.1% का फायदा मिल सकता है। यह शेयर 2,950 रुपए तक जा सकता है। निजी सेक्टर के बड़े बैंक ICICI बैंक के शेयर में 7% का फायदा मिल सकता है। यह 841 रुपए तक जा सकता है।

टेक कंपनी इंफोसिस में निवेशकों को 17% से ज्यादा फायदा एक साल में मिलेगा। यह शेयर 2,000 रुपए तक जा सकता है। हाल में तेजी से बढ़ रहे ITC में 18% का फायदा मिलेगा। यह शेयर अभी 233 रुपए पर है जो 275 रुपए तक जा सकता है। इंजीनियरिंग कंपनी लॉर्सन एंड टूब्रो के शेयर में 17.8% का रिटर्न मिल सकता है। एक साल में यह शेयर 2,100 रुपए तक जा सकता है।

देश की सबसे बड़ी निजी सेक्टर की कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज में 7.6% का रिटर्न मिलने की उम्मीद है। यह शेयर 2,602 रुपए तक जा सकता है। 500 रुपए के ऊपर पहुंच चुके SBI के शेयर में अभी भी 8.6% का रिटर्न मिल सकता है। यह शेयर 550 रुपए तक जा सकता है।

आनंदराठी फाइनेंशियल सर्विसेस ने भी शेयर्स की लिस्ट जारी कर दी है। इस ब्रोकरेज हाउस ने इंफोसिस के शेयर्स को 2 हजार रुपए के लक्ष्य पर खरीदने की सलाह दी है। यानी मौजूदा स्तर से 16% का रिटर्न मिल सकता है। हिंडालको के शेयर में 23% का रिटर्न मिलने की उम्मीद है। इसे 578 रुपए के लक्ष्य पर खरीद सकते हैं। कोफोर्ज के शेयर में 19% का रिटर्न मिलेगा। इसे 6,465 रुपए के लक्ष्य पर खरीदा जा सकता है।

इस ब्रोकरेज हाउस ने इंडो काउंट के शेयर को 334 रुपए के लक्ष्य पर खरीदने की सलाह दी है। इसमें 20% का रिटर्न मिल सकता है। रोजारी बायोटेक के शेयर में 28% का फायदा मिलने की उम्मीद है। यह शेयर 1,434 से 1,840 रुपए पर जा सकता है। वर्धमान स्पेशल में 35% का फायदा मिल सकता है। यह शेयर 350 रुपए तक जा सकता है जो अभी 260 रुपए पर कारोबार कर रहा है।

निर्मल बंग सिक्योरिटीज ने भारती एयरटेल को 800 रुपए के लक्ष्य पर खरीदने की सलाह दी है। जबकि कोल इंडिया के शेयर को 220 रुपए और हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स (HAL) के शेयर को 1,550 रुपए के लक्ष्य पर खरीदने की सलाह दी है। लॉरस लैब के शेयर को 720 रुपए के लक्ष्य पर खरीदने की सलाह दी है जबकि टाटा मोटर्स के शेयर को 630 रुपए के लक्ष्य पर खरीदने की सलाह दी गई है। टाटा पावर को 310 रुपए के लक्ष्य पर खरीद सकते हैं। हालांकि इन सभी शेयरों में मौजूदा स्तर से 10% की गिरावट के बाद ही खरीदने की सलाह है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *