ज्वेलरी बाजार खुश, धनतेरस पर देश भर में बिका 15 टन सोना

मुंबई- कोरोना के समय से देश में सोने के व्यापारी मंदी की मार झेल रहे थे। जैसा कि अनुमान था, इस बार धनतेरस को वैसा ही हुआ। धनतेरस पर मंगलवार को सोने की बिक्री जमकर हुई। धनतेरस ने इस बार रिकॉर्ड तोड़ा दिया है। पिछले दो सालों में धनतेरस पर पहली बार 15 टन सोने के गहनों की बिक्री हुई है। इसकी कीमत करीबन 7.5 हजार करोड़ रुपए रही है। 

मुंबई, दिल्ली, जयपुर, अहमदाबाद जैसे शहरों में ग्राहकों की सोने की दुकानों पर अच्छी भीड़ रही। कंफेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया (कैट) ने कहा कि धनतेरस पर देश भर में लगभग 15 टन सोने के गहनों की बिक्री हुई है। दिल्ली में 1,000 करोड़ रुपए का व्यापार हुआ जबकि दक्षिण भारत में 2,000 करोड़ रुपए का व्यापार हुआ। दरअसल धनतेरस के दिन सोना या चांदी के बर्तन या सिक्के खरीदने की परंपरा है। इसे शुभ माना जाता है। यही कारण है कि हर साल धनतेरस के दिन सोने और चांदी की अच्छी बिक्री होती है। 2021 की पहली छमाही में 700 टन सोने का आयात किया गया था।  

कुछ व्यापारियों के मुताबिक, सोना इस साल में अभी तक सस्ता रहा है। इस वजह से लोगों ने धनतेरस के दिन ज्यादा सोना इसलिए भी खरीदा क्योंकि शादियों का भी सीजन आ रहा है। ऐसे में लोगों ने एक ही दिन में दोनों खरीदारी की है। व्यापारियों का कहना है कि सोने के गहने के साथ सोने के सिक्कों की भी बिक्री हुई है। पिछले दो सालों से कमजोर अर्थव्यवस्था के कारण और लॉकडाउन के कारण लोगों ने सोने और चांदी की खरीदारी से परहेज किया। हालांकि 2019 और 2020 में सोने की कीमतें तेजी से बढ़ीं। पर इस साल सोने की कीमतें स्थिर रहीं, या मामूली ऊपर रहीं।  

टाटा ग्रुप की ज्वेलरी यूनिट टाइटन ने सालाना आधार पर 30 सितंबर को समाप्त तिमाही में इनकम में 77% का उछाल देखा है। जबकि सितंबर की तिमाही में बहुत ज्यादा मांग नहीं रहती है। कंपनी के अधिकारी के मुताबिक, सभी सेगमेंट ने अच्छा प्रदर्शन किया है और सभी में बराबर की मांग रही है। इस सेक्टर में ज्यादा खरीदारी इसलिए भी हो रही है, क्योंकि अभी भी ट्रैवेल पूरी तरह से खुला नहीं है और अन्य मामलों में लोग संभलकर खर्च कर रहे हैं।  

बंगलुरू के सी के चेट्‌टी ग्रुफ ऑफ ज्वेलर्स ने बताया कि धनतेरस के दिन सोने की खरीदी में 65% की ज्यादा बिक्री हुई है। हमारे पास प्रो़डक्शन से ज्यादा बिक्री है, इसलिए हम इन्वेंटरी भी नहीं रख पाए हैं। प्रोडक्शन में कोरोना की वजह से देरी हो गई। सरकारी कंपनी MMTC के MD विकास सिंह ने कहा कि हर दिन सोने की इतनी खरीदारी हो रही है कि अब सोना और चांदी हमारे स्टॉक से खत्म हो गया है। उनका कहना है कि पिछले कुछ दिनों से खरीदारी में काफी तेजी है।  

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *