मार्केट कैप में टॉप 35 कंपनियों में शामिल होगी पेटीएम, घाटे वाली कंपनी है पेटीएम
मुंबई- 6 कंपनियां शेयर बाजार में अगले 10 दिनों में आ रही हैं। यह कंपनियां मिलकर 31 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा की रकम जुटाएंगी। इसमें सबसे बड़ा इश्यू पेटीएम का है। स्टॉक एक्सचेंज में लिस्ट होने के बाद यह मार्केट कैप के लिहाज से टॉप 35 कंपनियों में शामिल हो जाएगी। हालांकि यह लगातार घाटा देने वाली कंपनी है और आगे भी यह घाटा दे सकती है।
भारतीय IPO बाजार में यह पहली बार है जब 10 दिनों में 31 हजार करोड़ रुपए की रकम जुटाई जा रही है। यह रकम कई बार एक साल में जुटाई गई रकम से भी ज्यादा हैं। उदाहण के तौर पर 2020 में कुल 26,628 करोड़ रुपए जुटाए गए। 2019 में 12,687 करोड़ रुपए, 2016 में 26,501 करोड़, 2015 में 13,513 करोड़ रुपए, 2014 में 1,201 करोड़, 2013 में 1,284 करोड़ रुपए जुटाए गए थे। इसी तरह 2012 में केवल 6,834, 2011 में 5,977 करोड़ रुपए जुटाए गए थे। यहां तक कि 2008 और 2009 में भी 20 हजार करोड़ से कम की रकम जुटाई गई थी।
पेटीएम का इश्यू 8-10 नवंबर के बीच खुलेगा। इसका मूल्य दायरा 2,080 से 2,150 रुपए के बीच रखा गया है। कंपनी बाजार से 18,300 करोड़ रुपए जुटाएगी। इसमें 8,300 करोड़ रुपए नए शेयर्स से जबकि 10 हजार करोड़ रुपए ऑफर फॉर सेल के जरिए जुटाए जाएंगे। यानी मौजूदा निवेशक इसमें अपनी हिस्सेदारी बेचेंगे।
पेटीएम में निवेश के लिए कम से कम 6 शेयर्स के लिए बोली लगानी होगी। यानी इसका लॉट साइज 6 शेयर्स का होगा। पेटीएम शेयर बाजार में लिस्ट होने के बाद 1.40 लाख करोड़ रुपए के मार्केट कैप वाली कंपनी बन जाएगी। इस लिहाज से यह टॉप 35 कंपनियों में शामिल होगी। यह इसी साल लिस्ट हुई स्टार्टअप कंपनी जोमैटो को पीछे छोड़ देगी। इसके अलावा कोल इंडिया, हिंडालको, पावर ग्रिड, NTPC, SBI कार्ड, बजाज ऑटो, महिंद्रा एंड महिंद्रा, वेदांता, SBI लाइफ, अडाणी पोर्ट को भी यह पीछे छोड़ देगी। इन सभी कंपनियों का मार्केट कैप 1.40 लाख करोड़ रुपए से कम है।
वैसे अगले 10 दिनों में 6 IPO से 31,487 करोड़ रुपए जुटाए जाएंगे। पेटीएम के 18,300 करोड़ रुपए के अलावा नायका 5,352 करोड़ रुपए, पॉलिसी बाजार 5,710 करोड़ रुपए और फिनो पेमेंट्स 1,200 करोड़ रुपए जुटाएगी। SJS एंटरप्राइजेस 800 करोड़ रुपए जुटाएगी। इन सभी का प्राइस बैंड तय कर लिया गया है। इसमें पेटीएम 2,080 से 2,150 रुपए पर इश्यू लाएगी।
नायका और फिनो के लिए आप 12 और 25 शेयर्स के लिए अप्लाई कर सकते हैं। SJS एंटरप्राइजेस के लिए 27 शेयर्स, पॉलिसी बाजार के लिए 25 शेयर और सिगाची के लिए 90 शेयर्स के लिए अप्लाई करना होगा। नायका का प्राइस बैंड 1,085 से 1125 रुपए, फिनो पेमेंट्स का प्राइस बैंड 560 से 577 रुपए, SJS एंटरप्राइजेस का प्राइस बैंड 531 से 542 रुपए, पॉलिसी बाजार 940 से 980 रुपए और सिगाची 161 से 163 रुपए पर इश्यू लाएगी। इसमें से नायका का इश्यू 28 अक्टूबर को खुल गया है। शुक्रवार को फिनो पेमेंट्स का इश्यू खुलेगा। इसने बुधवार को एंकर निवेशकों से 2,400 करोड़ रुपए जुटाया था।