IRCTC का शेयर 20% टूटा, पारस डिफेंस 10% के अपर सर्किट पर

मुंबई- IRCTC का शेयर लोअर सर्किट यानी 20% गिरावट के साथ 4,371 रुपए पर पहुंच गया। जबकि अवेन्यू सुपर (डीमार्ट) का शेयर 4% की गिरावट के साथ 4,560 रुपए पर पहुंच गया है।

इस हफ्ते में डीमार्ट और IRCTC दोनों के शेयर्स में जमकर गिरावट आई है। डीमार्ट का शेयर सोमवार को 10% टूटकर बंद हुआ था। मंगलवार को भी इसमें गिरावट आई और बुधवार को सुबह यह 4% गिरकर 4,560 रुपए पर पहुंच गया। सोमवार को यह शेयर 5,899 रुपए तक गया था। हालांकि उसी दिन कारोबार के अंत में इस शेयर में 10% की गिरावट आई थी।

डीमार्ट का मार्केट कैप उस समय 3.51 लाख करोड़ रुपए था। अब यह मार्केट कैप 51 हजार करोड़ रुपए घट कर 3 लाख करोड़ रुपए से नीचे आ गया है। डीमार्ट के शेयर्स में भारी गिरावट से इसके मालिक आर.के दमानी की नेटवर्थ में भी गिरावट आई है। उनकी नेटवर्थ पिछले हफ्ते 1.50 लाख करोड़ रुपए थी। IRCTC का शेयर 20% गिर कर 4,371 रुपए पर आज सुबह पहुंच गया। हालांकि बाद में यह शेयर 10% गिरावट के साथ कारोबार कर रहा था। इसका मार्केट कैप 1 लाख करोड़ रुपए से घट कर 70 हजार करोड़ रुपए पर आ गया है। यानी मार्केट कैप में 30 हजार करोड़ रुपए की कमी दो दिनों में आई है।

आईआरसीटीसी का शेयर कल एक साल के हाई यानी 6,393 रुपए पर कारोबार कर रहा था। पर शाम को बाजार बंद होने पर यह शेयर 10% गिरावट के साथ बंद हुआ। इसी तरह सोमवार को ही 1 साल का रिकॉर्ड हाई बना चुके टाटा पावर के शेयर्स में भी भारी गिरावट आई है। यह शेयर 269 रुपए से गिरकर 217 रुपए पर आ गया है। सोमवार को इस शेयर में 17% का उछाल आया था।

KR चौकसी के देवेन चौकसी कहते हैं कि IRCTC और टाटा पावर के शेयर्स को निवेशकों को रखना चाहिए। जो पहले निवेश कर चुके हैं, उन्हें बेचने की जरूरत नहीं है। उनका कहना है कि टाटा पावर एक अच्छी कंपनी है और आगे चलकर यह अच्छा कारोबार करेगी।

पारस डिफेंस का शेयर आज 10% अपर सर्किट के साथ 1,003 रुपए का नया हाई बनाया। हालांकि बाद में यह 5% की बढ़त के साथ 961 रुपए पर कारोबार कर रहा था। 175 रुपए पर पारस डिफेंस का IPO आया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *