61 हजार के पार पहुंचा सेंसेक्स, 15 साल में 6 गुना बढ़ा
मुंबई- बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स आज 61 हजार को पार कर गया। पिछले 15 सालों में सेंसेक्स 6 गुना बढ़ा। यह 15 साल में 10 हजार से बढ़कर 61 हजार के पार पहुंचा है। निफ्टी इसी दौरान 18200 को पार कर गया है।
वीकली एक्सपायरी के दिन बाजार नए शिखर पर खुले। पहली बार सेंसेक्स 61,088 और निफ्टी 18,272 के स्तर पर खुला। फिलहाल सेंसेक्स 370 पॉइंट चढ़कर 61,100 पर निफ्टी 100 पॉइंट चढ़कर 18,260 पर कारोबार कर रहा है। सेंसेक्स के 30 शेयर्स में से 24 शेयर बढ़त के साथ और 6 शेयर कमजोरी के साथ कारोबार कर रहे हैं। जिसमें इन्फोसिस के शेयर 4%, टेक महिंद्रा के शेयर 1% से ज्यादा की तेजी के साथ कारोबार कर रहे हैं। वहीं M&M के शेयर में करीब 1% की कमजोरी देखने को मिल रही है।
सेंसेक्स 2 महीने में 6 हजार अंक बढ़ा है। 13 अगस्त को यह 55 हजार पर कारोबार कर रहा था। 14 अक्टूबर को 61 हजार पर पहुंचा है। आज विप्रो, अडाणी पोर्ट, ग्रासिम इंडस्ट्रीज, लार्सन एंड टूब्रो और टेक महिंद्रा के शेयर 3 पर्सेंट से ऊपर कारोबार कर रहे हैं। BSE पर 3,164 शेयर्स में कारोबार हो रहा है। जिसमें 1,857 शेयर्स बढ़त के साथ और 1,146 शेयर्स लाल निशान में कारोबार करते दिख रहे हैं। इसी के साथ BSE पर लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैप पहली बार 273 लाख करोड़ रुपए के पार पहुंच गया है।
सेंसेक्स पहली बार 21 जनवरी को इस साल 50 हजार के आंकड़े को पार किया था। फरवरी में यह 52 हजार जबकि सितंबर में यह 58 हजार के पार पहुंचा था। 6 फरवरी 2006 को सेंसेक्स 10 हजार पर था जबकि 2015 में यह 30 हजार को पार किया था। 2019 में सेंसेक्स पहली बार 40 हजार के आंकड़े पर पहुंचा था।