इन 6 कंपनियों के आईपीओ ने दिया घाटा, कारट्रेड ने दिया 17 पर्सेंट का घाटा

मुंबई- शेयर बाजार में लिस्ट हुई 17 कंपनियों में से 6 कंपनियों के शेयर्स ने निवेशकों को घाटा दिया है। सबसे ज्यादा घाटा कारट्रेड के IPO ने दिया है। इस कंपनी ने 1,618 रुपए पर IPO लाया था। इसका शेयर मंगलवार को 1,387 रुपए पर चला गया था। करीबन 17% का घाटा इसने दिया है। कृष्णा डायग्नोस्टिक्स के शेयर ने भी घाटा दिया है। इश्यू प्राइस 954 रुपए था। अब इसका शेयर 786 रुपए पर कारोबार कर रहा है।  

ग्लेनमार्क लाइफ साइंस का शेयर 679 रुपए पर कारोबार कर रहा है। जबकि इश्यू के दौरान इसका शेयर 720 रुपए पर बेचा गया था। अप्टस वैल्यू का शेयर इस समय 344 रुपए पर कारोबार कर रहा है। जबकि आईपीओ में इसने 353 रुपए पर शेयर बेचा था। निरमा ग्रुप की कंपनी नुवोको विस्टा ने 570 रुपए में शेयर बेचा था। अब इसका शेयर 535 रुपए पर कारोबार कर रहा है। 

क्लीन साइंस ने 124% का फायदा निवेशकों को दिया है। IPO में इसने 900 रुपए में शेयर बेचा था। इस समय इसका शेयर 2,103 रुपए पर कारोबार कर रहा है। तत्व चिंतन फार्मा की बात करें तो इसने IPO में 1,083 रुपए पर शेयर बेचा था। अब इसका शेयर 2,134 रुपए पर कारोबार कर रहा है। जोमैटो ने 76 रुपए में IPO में शेयर बेचा था और इस समय इसका शेयर 133 रुपए पर कारोबार कर रहा है। देवयानी इंटरनेशनल ने 90 रुपए में शेयर बेचा था। अब यह 117 रुपए पर कारोबार कर रहा है।  

जी.आर. इंफ्रा के शेयर ने भी निवेशकों को 100% से ज्यादा का फायदा दिया है। इश्यू प्राइस 833 रुपए था और अब यह शेयर 1,765 रुपए पर कारोबार कर रहा है। सोना बीएलडब्ल्यू का शेयर 562 रुपए पर कारोबार कर रहा है। जबकि IPO 291 रुपए के भाव पर आया था।  

सेबी चेयरमैन अजय त्यागी ने निवेशकों को पिछले हफ्ते ही सावधान रहने को कहा था। उन्होंने कहा था कि भावनाओं में बहकर IPO में पैसे न लगाएं। अच्छे तरीके से रिसर्च करके ही शेयर्स में पैसे लगाएं। उन्होंने कहा कि रिटेल निवेशक बाजार में तेजी से आ रहे हैं और आगे इनकी और संख्या बढ़ सकती है। उनका कहना था कि रिटेल निवेशकों को सेकेंडरी बाजार पर फोकस करना चाहिए क्योंकि इन कंपनियों के बारे में ज्यादा जानकारी उपलब्ध होती है। इससे कंपनियों के बारे में समझने में आसानी होगी।  

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *