हर लीटर पर 3 रुपए बढ़ सकती हैं पेट्रोल और डीजल की कीमतें
मुंबई- कच्चे तेल की कीमतें बढ़ने से पेट्रोल और डीजल की कीमतें बढ़ सकती हैं। खबर है कि 3 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोत्तरी हो सकती है। कच्चे तेल की कीमतें 75 डॉलर प्रति बैरल के लेवल तक पहुंच गई हैं।
देश में पेट्रोल और डीजल 100 रुपए प्रति लीटर का लेवल पहले ही पार कर गया है। ऐसे में अगर कच्चा तेल और महंगा होता है तो आने वाले दिनों में पेट्रोल-डीजल के दाम में 3 रुपए तक की बढ़ोतरी हो सकती है। कच्चे तेल के बाजार में इन दिनों तेजी देखी जा रही है। 1 महीने पहले ये 69.03 पर था यानी ये 9.1% बढ़ा है।
दुनियाभर में कोरोना के नए मामलों में लगातार गिरावट और वैक्सीनेशन की बढ़ती रफ्तार से आर्थिक गतिविधियां खुली हैं। इससे फ्यूल डिमांड तेजी से बढ़ रही है। नतीजतन, कच्चे तेल की कीमत आसमान छू रही है। इसके अलावा डॉलर इंडेक्स मजबूत हुआ है इससे रुपया कमजोर हुआ है। हम अपनी कुल जरूरतों का 80% से ज्यादा क्रूड आयात करते हैं और इसे खरीदने के लिए हमें डॉलर में पेमेंट करना होता है। ऐसे में रुपए के कमजोर होने से कच्चे तेल का खर्च बढ़ रहा है।
IIFL सिक्योरिटीज के वाइस प्रेसिडेंट (कमोडिटी एंड करेंसी) अनुज गुप्ता कहते हैं कि आने वाले दिनों में कच्चा तेल एक बार फिर 80 डॉलर तक जा सकता है। इससे पेट्रोल-डीजल की कीमत में 2 से 3 रुपए तक की बढ़ोतरी देखी जा सकती है।
इस साल 1 जनवरी को पेट्रोल 83.97 और डीजल 74.12 पर था, जो अब 101.19 और 88.62 रुपए प्रति लीटर पर है। यानी 9 महीने से भी कम में पेट्रोल 13.53 और डीजल 14.11 रुपए महंगा हुआ है।
देश के 20 राज्यों में पेट्रोल 100 रुपए प्रति लीटर पर पहुंच गया है। मध्य प्रदेश, आंध्र प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र, कर्नाटक, मणिपुर, तेलंगाना, पंजाब, सिक्किम, उड़ीसा, केरल, दिल्ली, तमिलनाडु और राजस्थान के सभी जिलों में पेट्रोल 100 रुपए प्रति लीटर के ऊपर है।