शेयर बाजार की तेजी में मार्केट कैप 259 लाख करोड़ हुआ, इस महीने 9 लाख करोड़ रुपए बढ़ा

मुंबई- बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सूचकांक आज या कल 59 हजार के आंकड़े को पार कर सकता है। जबकि निफ्टी 17,600 के पार हो सकता है। इसी के साथ पहली बार मार्केट कैप 259 लाख करोड़ रुपए हो गया। इस महीने में मार्केट कैप में 9 लाख करोड़ रुपए की बढ़त आई है।  

बुधवार को सेंसेक्स 476 अंकों की बढ़त के साथ 58,723 पर बंद हुआ। निफ्टी इसी के साथ 17,500 पर बंद हुआ। सेंसेक्स ने बुधवार को 58,777 का हाई बनाया। निफ्टी ने 17,532 का हाई बनाया। इक्विटी 99 के को फाउंडर राहुल शर्मा ने बताया कि बाजार की तेजी में सरकारी कंपनियों के शेयर्स योगदान दे रहे हैं। गुरुवार को बैंकिंग, टेलीकॉम, ऑटोमोबाइल, IT और FMCG सेक्टर के शेयर्स पर फोकस रहेगा।  

सीएनआई रिसर्च के किशोर ओस्तवाल कहते हैं कि बाजार में तेजी इसलिए भी है क्योंकि केंद्र सरकार ने हाल में काफी सारे फैसले कैबिनेट में किए हैं। इसका सीधा असर बाजार पर भी दिख रहा है। खासकर तमाम सेक्टर के लिए जो राहत पैकेज आ रहा है, उससे इन सेक्टर की कंपनियों के शेयर्स पर पॉजिटिव असर दिख रहा है। यही कारण है कि काफी सारे शेयर्स अपने 1 साल के हाई पर कारोबार कर रहे हैं।  

बुधवार को रिलायंस इंडस्ट्रीज (RIL) का मार्केट कैप जहां 15.08 लाख करोड़ रुपए हो गया, वहीं टाटा कंसलटेंसी सर्विसेस (TCS) का मार्केट कैप पहली बार 14.62 लाख करोड़ रुपए हो गया। डॉलर के लिहाज से TCS पहली बार 200 अरब डॉलर के मार्केट कैप के आंकड़े को पार की। इसका शेयर बुधवार को 3,954 रुपए पर बंद हुआ। हालांकि दिन में यह 3,980 रुपए तक गया था।  

एयरटेल और भारतीय स्टेट बैंक (SBI) का मार्केट कैप 4 लाख करोड़ रुपए के करीब है। जबकि इंफोसिस 7.25 लाख मार्केट कैप के साथ चौथे नंबर पर है। तीसरे नंबर पर HDFC बैंक है जिसका मार्केट कैप 8.56 लाख करोड़ रुपए है। इस महीने में सेंसेक्स 1,385 अंक बढ़ा है। निफ्टी इसी दौरान 500 अंक के करीब बढ़ा है। मार्केट कैप 9 लाख करोड़ रुपए बढ़ा है।  

बुधवार को मार्केट कैप में 2.16 लाख करोड़ रुपए की बढ़त हुई थी। अगस्त में मार्केट कैप में 13 लाख करोड़ रुपए की बढ़त हुई थी। उस महीने में 237 लाख करोड़ से बढ़कर मार्केट कैप 250 लाख करोड़ रुपए हो गया था।  

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *