247.30 लाख करोड़ हुआ मार्केट कैप, BSE 57 हजार आंकड़े को पार कर सकता है
मुंबई- ऐसी उम्मीद है कि बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स 57 हजार को पार कर सकता है। इसी के साथ मार्केट कैप भी 250 लाख करोड़ रुपए के रिकॉर्ड पर जा सकता है।
सोमवार को BSE का सेंसेक्स 765 अंकों की बढ़त के साथ 56,889 पर बंद हुआ। हालांकि दिन में यह 56,958 तक गया था। इसका मार्केट कैप भी 247.30 लाख करोड़ रुपए हो गया है। इस हफ्ते या अगले हफ्ते इसका मार्केट कैप 250 लाख करोड़ रुपए हो सकता है।
11 अगस्त को कुल मार्केट कैप 236.74 लाख करोड़ रुपए था। 30 अगस्त को यह 247.30 लाख करोड़ रुपए हो गया। पिछले 20 दिनों में मार्केट कैप में 10.56 लाख करोड़ रुपए की बढ़त हुई है। मार्केट कैप के लिहाज से रिलायंस इंडस्ट्रीज सबसे बड़ी कंपनी है। इसका मार्केट कैप 14.39 लाख करोड़ रुपए है। टाटा कंसलटेंसी सर्विसेस (TCS) का मार्केट कैप 13.69 लाख करोड़ रुपए जबकि HDFC बैंक का मार्केट कैप 8.68 लाख करोड़ रुपए है।
इंफोसिस 7.20 लाख करोड़ रुपए के साथ चौथे नंबर पर है। हिंदुस्तान यूनिलीवर का मार्केट कैप 6.31 लाख करोड़ रुपए है। जबकि HDFC लिमिटेड का 4.97 और बजाज फाइनेंस का 4.32 लाख करोड़ रुपए मार्केट कैप है। तीन दिनों में सेसेक्स में 945 अंकों की बढ़त आई है।
तीन दिनों में मार्केट कैप में 5.76 लाख करोड़ रुपए की बढ़त आई है। सोमवार को सेंसेक्स के 30 शेयरों में भारती एयरटेल सबसे ज्यादा बढ़ने वाले शेयरों में था। पैसा जुटाने की खबर से इसका शेयर 4% बढ़कर बंद हुआ। वैसे भारतीय शेयर बाजार इस साल दुनिया के सभी बाजारों की तुलना में बेहतर प्रदर्शन किया है। निफ्टी ने पिछले 1 साल में 45% का रिटर्न दिया है।
इस साल जनवरी से लेकर अब तक 19% का रिटर्न दिया है। मैक्सिको के बाजार ने इस साल में 18.97% का रिटर्न दिया है। ताइवान के बाजार ने 15.70% का फायदा दिया है। पिछले 1 साल में भारतीय शेयर बाजार का मार्केट कैप 75 लाख करोड़ रुपए बढ़ा है। इससे भारतीय बाजार काफी महंगा हो गया है। पिछले 1 साल में विदेशी निवेशकों ने भारतीय बाजार में 2.2 लाख करोड़ रुपए का निवेश किया है। जबकि रिटेल निवेशकों ने 1 लाख करोड़ रुपए एसआईपी के जरिए निवेश किया है।
स्वस्तिका इन्वेस्टमार्ट के संतोष मीणा कहते हैं कि त्यौहारी सीजन भारत में शुरू हो गया है। भारतीय इक्विटी बाजार अपने सर्वोच्च स्तर पर है। सेंसेक्स 57 हजार के करीब है। यह इस हफ्ते 57 हजार के आंकड़े को पार कर सकता है। इससे भारतीय बाजार का मार्केट कैप 250 लाख करोड़ रुपए होगा। हमारा बाजार अर्थव्यवस्था में मजबूत रिकवरी की वजह से अच्छा प्रदर्शन कर रहा है।