LIC की पॉलिसी बंद हो गई है तो फिर से चालू करा सकते हैं, 22 अक्टूबर तक है समय
मुंबई- अगर आपकी LIC की पॉलिसी बंद हो गई है तो आपके लिए मौका है। आप इसे 22 अक्टूबर तक फिर से चालू करा सकते हैं। इसके लिए आपको लेट फीस में छूट मिलेगी। लेट फीस में मैक्रो इंश्योरेंस और हेल्थ दोनों पर देर से दी गई फीस में छूट मिलेगी।
हालांकि मेडिकल की जो भी जरूरतें हैं, उस पर कोई छूट नहीं दी जाएगी। भारतीय जीवन बीमा (LIC) पहले भी कई बार इस तरह का अभियान चलाई थी। LIC ने कहा कि एक विशेष रिवाइवल अभियान के तहत ग्राहक 23 अगस्त से 22 अक्टूबर के बीच कभी भी बंद पड़ी पॉलिसीज को शुरू करा सकते हैं। इसके लिए जो भी टोटल प्रीमियम होगा, उस पर छूट दी जाएगी।
इस अभियान के तहत उन विशेष पॉलिसीज को चालू किया जा सकता है, जो 5 साल से कम समय से बंद पड़ी हैं। हालांकि टर्म अश्योरेंस और मल्टीपल रिस्क पॉलिसीज पर कोई भी छूट नहीं मिलेगी। उसके लिए आपको पूरी फीस भरनी होगी।
LIC ने कहा है कि 1 लाख रुपए के सालाना प्रीमियम वाली पॉलिसीज पर 20% या अधिकतम 2 हजार रुपए की छूट मिलेगी। जबकि 1 लाख 1 रुपए से लेकर 3 लाख रुपए तक के सालाना प्रीमियम वाली पॉलिसीज पर 25% या अधिकतम 2,500 रुपए की छूट मिलेगी। 3 लाख 1 रुपए और इससे ऊपर के प्रीमियम वाली पॉलिसीज पर 30% या अधिकतम 3 हजार रुपए की छूट मिलेगी।
इस रिवाइवल अभियान के तहत उन पॉलिसीज को शामिल किया जाएगा जो पॉलिसी टर्म को पूरा करती हैं और प्रीमियम के पेमेंट के नियमों को पूरा करती हैं। कंपनी ने कहा है कि यह अभियान उनके लिए लांच किया गया है जो ग्राहक समय पर प्रीमियम का पेमेंट किसी कारण से नहीं कर पाए हैं। चालू होने वाली पॉलिसीज में आपको पुरानी पॉलिसीज का जो भी कवर होगा वह मिलेगा।