TCS 13 लाख करोड़ मार्केट कैप वाली दूसरी कंपनी बनी, शेयरों में 15% का उछाल
मुंबई- टाटा कंसलटेंसी सर्विसेस (TCS) 13 लाख करोड़ रुपए का मार्केट कैप वाली दूसरी कंपनी बन गई है। इसका मार्केट कैप 13.18 लाख करोड रुपए के पार है। दिसंबर 2020 में कंपनी ने 11 लाख करोड़ रुपए के आंकड़े को पार किया था।
1 महीनों में इसके शेयरों में 15% की तेजी देखी गई है। आज इसका शेयर 52 हफ्तों के नए लेवल पर पहुंच गया है, जो 3,550 रुपए पर कारोबार कर रहा है। जबकि 1 महीने पहले यह 3,100 रुपए पर था। TCS देश की सबसे बड़ी आईटी कंपनी है।
कल इसके शेयरों में 2.28% की तेजी देखी गई थी। इसी के साथ यह रिलायंस इंडस्ट्रीज के मार्केट कैप के करीब पहुंच गई है। रिलायंस इंडस्ट्रीज का मार्केट कैप 13.70 लाख करोड़ रुपए है। BSE सेंसेक्स इस महीने महज 6% बढ़ा है जबकि TCS का शेयर 11% बढ़ा है। सेंसेक्स 56 हजार के पार पहुंच गया है। कुल मार्केट कैप 241.60 लाख करोड़ रुपए के पार है।
एचडीएफसी सिक्योरिटीज ने TCS के शेयर के लिए 3,650 का लक्ष्य रखा है। निकट समय में कंपनी के अच्छा प्रदर्शन करने की उम्मीद है। इसी तरह अन्य आईटी कंपनियों की तुलना में TCS में कर्मचारियों के छोड़कर जाने की दर काफी कम है। यह उसके कुल कर्मचारियों की तुलना में करीबन 7% है। एडलवाइस ने कहा है कि कंपनी के पास काफी डील पाइपलाइन में हैं। साथ ही इसके पास मजबूत ऑर्डर बुक भी है। इससे कंपनी की आगे ग्रोथ अच्छी होगी।
दिसंबर 2020 में यह 11 लाख करोड़ रुपए के आंकड़े को पार कर गई थी। टाटा ग्रुप की कुल 28 कंपनियां लिस्टेड हैं। जबकि एचडीएफसी ग्रुप की कुल 4 कंपनियां लिस्टेड हैं। रिलायंस ग्रुप में 6 कंपनियां लिस्टेड हैं। टाटा में टीसीएस, एचडीएफसी ग्रुप में एचडीएफसी बैंक और रिलायंस में रिलायंस इंडस्ट्रीज मार्केट कैप के लिहाज से सबसे बड़ी कंपनी हैं।