अब बैंकिंग धोखाधड़ी से बचाएंगे नीरज चोपड़ा, जानिए कैसे बचाएंगे
मुंबई– रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) ने बैंकों से जुड़े डिजिटल फ्रॉड के बारे में लोगों को चेतावनी देने के लिए एक जागरूकता अभियान शुरू किया है। इस अभियान में ओलंपिक में स्वर्ण पदक विजेता नीरज चोपड़ा को शामिल किया गया है। RBI ने लोगों से ऑनलाइन ट्रांजैक्शन करने में सतर्कता बरतने को कहा है जिससे वे मुश्किलों से बच सकें।
RBI ने एक ट्वीट में कहा कि कुछ सतर्कता बहुत सी मुश्किलों से बचा सकती है। PIN, OTP या बैंक एकाउंट के बारे में जानकारी के निवेदनों का उत्तर न दें। कार्ड के चोरी होने या गुम जाने पर उसे ब्लॉक करवाएं। इससे जुड़े वीडियो में नीरज चोपड़ा को सुरक्षित डिजिटल बैंकिंग पर RBI का मैसेज देते देखा जा सकता है। चोपड़ा कहते हैं, “RBI की सलाह है कि अपना OTP, ATM Pin और CVV किसी को न बताएं। नियमित अंतराल पर ऑनलाइन बैंकिंग पासवर्ड बदलें। अगर आपका डेबिट या क्रेडिट कार्ड खो गया है तो उसे तुरंत ब्लॉक करवाएं।
स्टेट बैंक ऑफ इंडिया सहित बहुत से बैंक अपने कस्टमर्स को ऑनलाइन बैंकिंग फ्रॉड के खिलाफ चेतावनी देते रहते हैं। ये सुरक्षित ऑनलाइन बैंकिंग के तरीकों के बारे में ट्वीट भी करते हैं। हाल ही में समाप्त हुए टोक्यो ओलंपिक में जेवेलिन का स्वर्ण पदक जीतने के बाद चोपड़ा सोमवार को स्वदेश पहुंचे थे। चोपड़ा ने कहा कि वह ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतने से बहुत खुश हैं और उनका लक्ष्य अब 2022 के एशियन गेम्स हैं।