रिलायंस रिटेल में 3 साल में 10 लाख लोगों को मिलेगा काम
मुंबई- RIL के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने रिलायंस रिटेल को लेकर कई बड़ी घोषणाएं कीं। मुकेश अंबानी ने कहा कि रिलायंस रिटेल ने पिछले साल 30 लाख मर्चेंट पार्टनर्स की डिजिटली बदलाव में मदद की है। अगले 3 साल में 1 करोड़ नए किराना पार्टनर रिलायंस रिटेल से जोड़े जाएंगे।
मुकेश अंबानी ने कहा कि कोरोना महामारी के बावजूद रिलायंस रिटेल ने पिछले साल 65 हजार लोगों को नई नौकरियां दी हैं। इस समय रिलायंस रिटेल में कुल कर्मचारियों की संख्या 2 लाख के करीब है। मुकेश अंबानी ने कहा कि ग्रोथ के साथ अगले तीन साल में कर्मचारियों की संख्या करीब 10 लाख हो जाएगी। इसका मतलब यह है कि अगले तीन साल में रिलायंस रिटेल 8 लाख नई नौकरियां देगा। जियोमार्ट को वॉट्सऐप के साथ जोड़ने के लिए जियो फेसबुक के साथ ट्रायल रन कर रहा है।
मुकेश अंबानी ने कहा कि कोरोनाकाल के दौरान भी रिलायंस रिटेल के स्टोर का विस्तार जारी रहा। पिछले साल रिलायंस रिटेल ने पूरे देश में करीब 1500 नए स्टोर खोले। अब पूरे देश में रिलायंस स्टोर की कुल संख्या बढ़कर 12,711 हो गई है। मुकेश अंबानी ने कहा कि दुनिया के प्रत्येक 8 में से 1 व्यक्ति रिलायंस रिटेल से खरीदारी करता है। पिछले साल रिलायंस रिटेल से अपैरल एंड फुटवियर की 18 करोड़ यूनिट्स की बिक्री हुई। यह दुनिया के कई देशों की कुल आबादी से ज्यादा है।
रिलायंस के चेयरमैन ने कहा कि बीते साल रिलायंस रिटेल का ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म आजियो डॉट कॉम (AJIO.COM) लीडिंग डिजिटल कॉमर्स प्लेटफॉर्म बनकर उभरा है। रिलायंस रिटेल के कुल अपैरल कारोबार में आजियो की 25% से ज्यादा भागीदारी रही है। उन्होंने बताया कि पिछले साल रिलायंस रिटेल के जरिए इलेक्ट्रॉनिक्स की 4.5 करोड़ यूनिट की बिक्री रही। वहीं, कंपनी की ओमनी कैपिसिटी देश के 1300 शहरों तक पहुंच गई। जियो मार्ट पर पिछले साल रोजाना 30 लाख यूनिट ग्रॉसरी की बिक्री रही। जियोमार्ट पर एक दिन में सबसे अधिक 6.5 लाख ऑर्डर का रिकॉर्ड रहा है।