अडाणी के शेयरों मे रिकवरी, विदेशी निवेशकों के अकाउंट फ्रीज की खबर गलत

मुंबई– अडाणी ग्रुप की कंपनियों के शेयरों में बाजार बंद होते-होते रिकवरी आ गई। इसकी 6 लिस्टेड कंपनियों में से अडाणी ग्रीन एनर्जी का शेयर मामूली बढ़त के साथ 1,228 रुपए पर बंद होने में सफल रहा। हालांकि पांच कंपनियों के शेयरों में गिरावट रही।  

दरअसल सुबह विदेशी निवेशकों के डीमैट अकाउंट को फ्रीज करने की खबर आने के बाद ग्रुप की सभी कंपनियों के शेयरों में भारी गिरावट आई। दोपहर तक यह गिरावट और ज्यादा हो गई। हालांकि दोपहर बाद ग्रुप ने दोनों एक्सचेंज पर इस खबर का खुलाया किया। ग्रुप ने कहा कि यह जान बूझ कर निवेशकों को हतोत्साहित करने की खबर प्रकाशित की गई है।  

ग्रुप ने कहा कि 14 जून तक किसी भी विदेशी निवेशकों के डीमैट अकाउंट को फ्रीज नहीं किया गया है। जो भी तीन विदेशी निवेशक हमारी कंपनियों में निवेश किए हैं, उसमें से किसी पर ऐसी कोई कार्रवाई नहीं की गई है। यह खबर निवेशकों के नुकसान के साथ ग्रुप की भी प्रतिष्ठा पर आंच पहुंचाई है। अडाणी ग्रुप ने कहा कि हम माइनॉरिटी शेयर धारकों के हित में यह खुलासा कर रहे हैं कि ऐसी कोई कार्रवाई नहीं की गई है।  

बाजार बंद होते समय अडाणी इंटरप्राइजेज का शेयर 5.84 पर्सेंट की गिरावट के साथ 1508 रुपए पर बंद हुआ जबकि सुबह यह 22 पर्सेंट गिरा था। अडाणी ट्रांसमिशन, अडाणी टोटल गैस 5-5 पर्सेट की गिरावट के साथ बंद हुआ जबकि अडाणी पोर्ट का शेयर 9.68 पर्सेंट की गिरावट के साथ बंद हुआ। अडाणी पावर का शेयर 4.99 पर्सेंट की गिरावट के साथ बंद हुआ।  

इससे पहले गौतम अडाणी ग्रुप की 6 लिस्टेड कंपनियों के शेयरों में सुबह 5% से लेकर 22% तक की गिरावट आई है। इसमें सबसे ज्यादा अडाणी इंटरप्राइजेज के शेयर टूटे थे। यह 22% टूट कर 1,200 रुपए पर आ गया। शुक्रवार को यह 1,600 रुपए पर बंद हुआ था। इसके बाद बाकी कंपनियों के भी शेयर इसी तरह टूटे। इससे निवेशकों को शुरुआती घंटे में करीब 50,000 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ। 

शेयरों में गिरावट का कारण यह था कि सेबी ने इस ग्रुप की कंपनियों में तीन ऐसे विदेशी निवेशकों को पकड़ा, जिन्हें फर्जी माना जा रहा है। ये तीन निवेशक हैं- अलबुला इन्वेस्टमेंट फंड, क्रेस्टा फंड और APMS इन्वेस्टमेंट फंड। ये मॉरीशस की राजधानी पोर्ट लुइस के एक ही पते पर रजिस्टर्ड हैं। इनके पास वेबसाइट नहीं है। सेबी ने इन तीनों के निवेश को फ्रीज कर दिया है और जांच शुरू हो गई है। 

नेशनल सिक्योरिटी डिपॉजिटरी लिमिटेड यानी एनएसडीएल के मुताबिक अडाणी की कंपनियों में इन तीनों का कुल निवेश 43,500 करोड़ रहा है। ये अकाउंट इसलिए फ्रीज हुए क्योंकि इनके बारे में सेबी के पास जानकारी नहीं है। साथ ही इन पैसों का मालिक कौन है, यह भी पता नहीं है। इसलिए मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट के तहत इन पर कार्रवाई की गई है। हालांकि इसमें अडाणी ग्रुप का कुछ मामला नहीं है, पर उनके शेयरों में यह निवेश है, इसलिए इस ग्रुप के शेयरों में गिरावट दिखी है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *