भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ममता की पार्टी में शामिल, कई और भाजपाई शामिल होंगे
मुंबई -नवंबर 2017 में ममता बनर्जी की तृणमूल पार्टी छोड़कर भारतीय जनता पार्टी में जाने वाले मुकुल रॉय आज फिर टीएमसी में शामिल होने जा रहे हैं। अभी वे भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हैं। लेकिन विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद से ही उन्होंने पार्टी से दूरी बनाना शुरू कर दी थी।
मुकुल रॉय को भाजपा ने कृष्णनगर उत्तर सीट से चुनावी मैदान में उतारा था। उन्होंने TMC की उम्मीदवार कौशानी मुखर्जी को 35 हजार से ज्यादा वोटों से हराया था। मुकुल रॉय के बेटे शुभ्रांग्शु रॉय को भी BJP ने टिकट दिया था लेकिन वे हार गए। अब पिता-पुत्र दोनों ही TMC में शामिल होने जा रहे हैं।
मुकुल रॉय और उनके बेटे के TMC में शामिल होने के कयास चुनावी नतीजों के बाद से ही लगाए जा रहे थे। बीते कुछ दिनों से वे पार्टी की बैठकों में भी शामिल नहीं हो रहे थे। पार्टी ने वजह बताई थी कि उनकी पत्नी की तबियत ज्यादा खराब है इसलिए वे बैठक में नहीं आ रहे। वहीं उनके बेटे शुभ्रांग्शु ने भी कुछ दिनों पहले अपनी फेसबुक पोस्ट के जरिए BJP को निशाने पर लिया था।
TMC के एक वरिष्ठ नेता का कहना है कि मुकुल रॉय को भाजपा ने उचित सम्मान नहीं दिया इसलिए वे दोबारा TMC में वापसी कर रहे हैं। शुभेंदु अधिकारी का कद जिस तेजी से BJP में बढ़ा है, वैसा सम्मान मुकुल को नहीं मिया। ये भी उनकी बेचैनी की एक वजह है। जबकि TMC में मुकुल रॉय का कद कभी नंबर-2 का हुआ करता था।
मुकुल रॉय के अलावा BJP के करीब 33 विधायक-सांसद ऐसे हैं, जो दोबारा TMC में शामिल होना चाहते हैं। इनमें राजीव बनर्जी, सोवन चटर्जी, सरला मुर्मु, पूर्व विधायक सोनाली गुहा और फुटबॉलर से राजनेता बने दीपेंदू विश्वास जैसे नेता शामिल हैं। हालांकि TMC के वरिष्ठ नेताओं का कहना है कि दीदी सभी को शामिल करने के मूड में नहीं हैं, क्योंकि इससे पार्टी में असंतोष बढ़ेगा। पार्टी का एक धड़ा चाहता है कि जिन्होंने चुनाव के पहले गद्दारी की अब उन्हें दोबारा पार्टी में शामिल नहीं किया जाना चाहिए।