कच्चे तेलों की कीमतें 70 डॉलर के पार, पेट्रोल और डीजल और महंगे होंगे

मुंबई– कोरोना महामारी के कहर के कम होने के साथ अब महंगाई का कहर बढ़ने लगा है। देश के कई राज्यों में पेट्रोल के दाम 100 रुपए प्रति लीटर के पार निकल गए हैं। आने वाले दिनों में इसके और बढ़ने की उम्मीद है। पेट्रोल-डीजल की कीमतें कच्चे तेल के महंगे होने के कारण बढ़ रही हैं। कच्चे तेल की कीमत 70 डॉलर प्रति बैरल के पार निकल गई है। 

अमेरिकी अर्थव्यवस्था लगभग खुल चुकी है। इसके साथ ही यूरोपीय देशों में भी जीवन सामान्य हो रहा है। इससे पेट्रोलियम पदार्थों की मांग बढ़ रही है। कल कच्चे तेल की कीमतें खूब चढ़ीं और यह दो साल के उच्चतम स्तर पर आ गया। इस महीने के आखिर तक कच्चे तेल के दाम 73 डॉलर प्रति बैरल के पार जा सकते हैं। इससे आने वाले दिनों में पेट्रोल-डीजल के दाम 2 रुपए प्रति लीटर तक बढ़ सकते हैं। 

कई देशों में लॉकडाउन खुलने से कच्चे तेल की डिमांड बढ़ गई है। इसके अलावा ईरान पर कच्‍चा तेल निर्यात करने को लेकर लगा प्रतिबंध हटता नहीं दिख रहा है। इस कारण भी कच्चे तेल के दाम लगातार बढ़ रह हैं। भारत ने ईरान पर तत्कालीन ट्रंप प्रशासन की पाबंदी के बाद 2019 के मध्य से ईरान से तेल आयात करना बंद कर दिया था। 2 जून 2020 को पेट्रोल 71.26 और डीजल 69.39 पर था, जो अब 94.49 और 85.38 रुपए प्रति लीटर पर है। यानी बीते 1 साल में ही पेट्रोल 23.23 और डीजल 15.99 रुपए महंगा हुआ है। 

अगर पेट्रोल-डीजल आधे दाम में मिलने लगे तो आपकी खुशी का ठिकाना नहीं रहेगा। ये संभव हो सकता है, अगर पेट्रोल-डीजल को GST के दायरे में लाया जाए। हालांकि सरकार ऐसा करने के मूड में नहीं है। ऐसा होता है तो इससे सरकार की टैक्स से होने वाली कमाई घट जाएगी। अगर इस समय पेट्रोल-डीजल पर GST लागू होती तो पेट्रोल 81 और डीजल 74 रुपए प्रति लीटर के हिसाब से बिक रहा होता। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *