इन शेयरों की कीमतों में आई 25% तक की गिरावट
मुंबई– बाजार में लगातार तेजी के दौरान हाल में जमकर बढ़े शेयरों में भारी गिरावट आई है। जाने माने शेयर इस समय अपने 1 साल के ऊपरी भाव की तुलना में 20 से लेकर 25% नीचे कारोबार कर रहे हैं। इसमें बैंकिंग और फाइनेंशियल सेक्टर के शेयर प्रमुख हैं। ऐसे में विश्लेषकों का मानना है कि निवेशक इसमें सोच समझ कर दांव लगा सकते हैं।
आंकड़ों के मुताबिक, भारतीय शेयर बाजार फरवरी में अपने ऐतिहासिक स्तर पर पहुंचा था। ऐसे में 15 से 25 फरवरी के दौरान कई सारे शेयर भी 1 साल के ऊपरी स्तर पर पहुंच गए थे। अब जब हाल में बाजार में कोरोना की दूसरी लहर की वजह से गिरावट आई है, तो इन शेयरों की भी जमकर पिटाई हुई है। हालांकि BSE और NSE की गिरावट की तुलना में इन शेयरों में कई गुना ज्यादा गिरावट रही है।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) के आंकड़ों के मुताबिक, करीबन 25 शेयर ऐसे हैं जिनमें 10% से ज्यादा की गिरावट आई है। इसमें टाटा मोटर्स का शेयर 357 रुपए पर 3 मार्च को पहुंच गया था। अब इसमें 19%की गिरावट आई है। ओएनजीसी का शेयर 8 मार्च को 122 रुपए पर था अब यह 19% गिर कर कारोबार कर रहा है। इंडसइंड बैंक के शेयरों की बात करें तो इसमें 24% की गिरावट आई है। यह 25 फरवरी को 1,119 रुपए के ऊपरी स्तर पर था।
इसी तरह बजाज फाइनेंस का शेयर 24 फरवरी को 5,921 रुपए पर था। इसमें अब तक 23% की गिरावट आ चुकी है। कोल इंडिया का शेयर इसी अवधि में 23% गिरा है तो हीरो मोटो कॉर्प का शेयर 23% गिरा है। यह 18 फरवरी को 3,628 रुपए पर कारोबार कर रहा था। SBI का शेयर काफी तेजी से बढ़ रहा था। इसमें अब 22% की गिरावट आई है। यह 18 फरवरी को 426 रुपए पर था।
इसी तरह मारुति सुजुकी का शेयर 22% गिर चुका है। यह 13 जनवरी को 8400 रुपए पर था। महिंद्रा एंड महिंद्रा का शेयर 21% गिर कर कारोबार कर रहा है। यह 8 फरवरी को 952 रुपए पर था। बैंकिंग में ICICI बैंक का भी शेयर 20% गिरा है। यह 16 फरवरी को 679 रुपए पर था जबकि एक्सिस बैंक का शेयर इसी दिन 800 रुपए पर था। यह अब 20% की गिरावट के साथ कारोबार कर रहा है।
20% से कम गिरने वाले शेयरों में बजाज ऑटो है जो 18% गिरकर कारोबार कर रहा है। देश में निजी क्षेत्र में सबसे बड़े बैंक HDFC का शेयर 17% गिरा है। यह 24 फरवरी को 1650 रुपए पर कारोबार कर रहा था। HDFC लिमिटेड का शेयर भी 16% गिरा है। यह 16 फरवरी को 2895 रुपए पर था।
इसी तरह अन्य गिरावट वाले शेयरों में NTPC, कोटक महिंद्रा बैंक, भारती एयरटेल, UPL, टाटा स्टील आदि हैं। दरअसल देश में रोजाना 2.17 लाख कोविड के मामले आ रहे हैं। इसमें भी मुंबई, दिल्ली, अहमदाबाद जैसे प्रमुख शहर टॉप पर है। ऐसे में कुछ राज्यों ने लॉकडाउन भी कुछ शहरों में लगाया है। ऐसा अनुमान है कि इसका असर कंपनियों की आय पर और अर्थव्यवस्था में दिख सकता है। यही कारण है कि इस समय शेयरों में बिकवाली है।