एलआईसी के कर्मचारियों की सैलरी में होगा 16 पर्सेंट का इजाफा, हफ्ते में 5 दिन करना होगा काम

मुंबई– लाइफ इंश्योरेंस कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया यानी LIC के कर्मचारियों को सरकार ने खुशखबरी दी है। सरकार ने LIC के कर्मचारियों की सैलरी में 16% बढ़ोतरी कर दी है। सैलरी में बढ़ोतरी को वित्त मंत्रालय के वित्तीय सेवाओं के विभाग ने मंजूरी दे दी है।  

सैलरी में बढ़ोतरी के इस फैसले का LIC के 1 लाख से ज्यादा कर्मचारियों को लाभ मिलेगा। इसके अलावा LIC के कर्मचारियों को अब सप्ताह में 5 दिन ही काम करना होगा। यानी प्रत्येक शनिवार और रविवार को छुट्टी रहेगी। सप्ताह में 5 दिन काम का फैसला तुरंत प्रभाव से लागू हो गया है।  

वित्तीय सेवाओं के विभाग ने LIC कर्मचारियों के लिए 1,500 रुपए से लेकर 13,500 रुपए तक प्रति माह अतिरिक्त स्पेशल अलाउंस पेश किया है। यह अलाउंस सभी कैडर के कर्मचारियों को मिलेगा। इस अलाउंस को डियरनेस अलाउंस (DA) के कैलकुलेशन के लिए पेश किया गया है। लेकिन इसको सिटी कंपनसेशन अलाउंस (CCA), ग्रेच्युटी, हाउस रेंट अलाउंस (HRA), पेड लीव एनकैशमेंट और सुपरएनुऐशन बेनेफिट के तौर पर नहीं माना जाएगा। 

LIC सामान्य तौर पर प्रत्येक 5 साल बाद सैलरी में बढ़ोतरी करती है। पिछली बढ़ोतरी 2012 में की गई थी। इसके बाद 2017 में बढ़ोतरी होनी थी, लेकिन यह अभी तक लंबित थी। ऐसे में इस बार लंबे समय के बाद सैलरी में बढ़ोतरी हुई है। हालांकि, कर्मचारी सैलरी में 35% बढ़ोतरी की उम्मीद कर रहे थे, लेकिन केवल 16% बढ़ोतरी को मंजूरी मिली है। 

केंद्र सरकार LIC को शेयर बाजार में लिस्ट कराने की योजना बना रही है। इसके लिए IPO लाने की प्रक्रिया जारी है। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने 1 फरवरी को पेश किए गए बजट में कहा था कि LIC के वित्त वर्ष 2022 में लिस्ट किया जा सकता है। केंद्र सरकार को LIC के IPO से 1 लाख करोड़ रुपए जुटने की उम्मीद है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *