HDFC फंड का एयूएम 10 हजार करोड़ घटा, ICICI प्रूडेंशियल का 10 हजार करोड़ बढ़ा
मुंबई– जनवरी की तुलना में टॉप 8 म्यूचुअल फंड में HDFC फंड को जबरदस्त झटका लगा है। इसका असेट अंडर मैनेजमेंट यानी AUM इस दौरान 10 हजार करोड़ रुपए घट गया है। यह तीसरे नंबर पर आ गया है। जनवरी में इसका AUM 4.20 लाख करोड़ रुपए था जो मार्च में 4.09 लाख करोड़ रुपए हो गया है।
देश में कुल 43 म्यूचुअल फंड कंपनियां हैं। इनका कुल असेट अंडर मैनेजमेंट मार्च में 32.10 लाख करोड़ रुपए रहा है। असेट अंडर मैनेजमेंट उसे कहते हैं जो इन कंपनियों के पास निवेशकों का पैसा निवेश के लिए आता है। टॉप म्यूचुअल फंड कंपनियों में एसबीआई म्यूचुअल फंड का एयूएम जनवरी में 4.99 लाख करोड़ रुपए था जो मार्च में 5.07 लाख करोड़ रुपए हो गया है। आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल दूसरे नंबर पर है। इसका एयूएम इसी दौरान 4.09 लाख करोड़ से 11 हजार करोड़ रुपए बढ़ कर 4.20 लाख करोड़ रुपए हो गया है।
बिरला सनलाइफ म्यचुअल फंड का एयूएम जनवरी में 2.55 लाख करोड़ रुपए था जो मार्च में बढ़ कर 2.71 लाख करोड़ रुपए हो गया है। जबकि कोटक का एयूएम इसी दौरान 2 हजार करोड़ घट कर 2.36 लाख करोड़ रुपए हो गया है। निप्पोन असेट मैनेजमेंट का एयूएम 2.27 लाख करोड़ से बढ़ कर 2.31 लाख करोड़ रुपए हो गया है। एक्सिस म्यूचुअल फंड का एयूएम जनवरी में 1.95 लाख करोड़ रुपए था जो मार्च में 1.97 लाख करोड़ रुपए रहा है। यूटीआई अभी भी आठवें नंबर पर है। जबकि आईडीएफसी म्यूचुअल फंड 9 वें नंबर पर है। 4 लाख करोड़ के क्लब में टॉप के 3 फंड हाउस आ गए हैं। देश में 3 फंड हाउस 2 लाख करोड़ से ज्यादा के एयूएम वाले हैं।
एसोसिएशन ऑफ म्यूचुअल फंड्स इन इंडिया (एंफी) के मुताबिक, जनवरी में कुल एयूएम 31.84 लाख करोड़ और फरवरी 2020 में यह 28.29 लाख करोड़ रुपए था। फरवरी 2021 में फंड हाउसों ने कुल 6 लाख करोड़ रुपए की रकम जुटाई और निवेशकों ने 5.97 लाख करोड़ रुपए निकाल लिए। जबकि फरवरी 2020 में 8.82 लाख करोड़ रुपए की रकम जुटाई थी और निवेशकों ने 8.84 लाख करोड़ रुपए निकाले थे।
एंफी के मुताबिक, वित्त वर्ष 2020-21 में म्यूचुअल फंड का एसआईपी 4 पर्सेंट घट कर 96 हजार करोड़ रुपए पर रह गया है। 2019-20 में यह 1 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा था। मासिक आधार पर देखें तो 8,500 करोड़ रुपए म्यूचुअल फंडों के पास एसआईपी के रूप में रकम आती है। एसआईपी एक ऐसा तरीका है, जिसके जरिए आप एक तय रकम हर महीने म्यूचुअल फंड में लगा सकते हैं।