इस महीने रिकॉर्ड तोड़ सकता है GST कलेक्शन, 1.25 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा की उम्मीद
मुंबई– वस्तु एवं सेवा कर (GST) कलेक्शन इस महीने नया रिकॉर्ड बना सकता है। उम्मीद है कि यह 1.25 से 1.30 लाख करोड़ रुपए हो सकता है। ऐसा इसलिए क्योंकि एक तो फाइनेंशियल वर्ष का अंतिम महीना है दूसरे मार्च 31 दिन का होता है।
वैसे पिछले 5 महीने से लगातार GST कलेक्शन 1 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा रहा है। सबसे ज्यादा कलेक्शन जनवरी 2021 में रहा है। इस महीने में 119,847 करोड़ रुपए का कलेक्शन हुआ था। जानकार बताते हैं कि दरअसल पिछले 6 महीनों में कोरोना के दौरान GST की टीम और वित्त मंत्रालय ने बड़े पैमाने पर GST चोरी रोकी है। यही कारण है कि GST के कलेक्शन में उछाल दिख रहा है।
पिछले 6 महीनों में देश भर में जमकर छापे मारे गए हैं। फर्जी कंपनियां और बिलों को पकड़ा गया है। यह कंपनियां फर्जी इनपुट के जरिए क्रेडिट लेती थीं। इसके साथ ही GST की टीम ने इस तरह के फर्जीवाड़े को रोकने के लिए अपने IT सिस्टम को मजबूत किया है। इसके अलावा इसकी टीम के सदस्य हर राज्य में बड़े पैमाने पर कंपनियों की स्क्रूटनी कर रहे हैं। हाल में जब GST कलेक्शन में कमी आई थी तो उस समय GST अधिकारियों ने व्यक्तिगत स्तर पर लोगों को फोन करके GST कम देने का कारण पूछा था। यहां तक कि जिनका कारोबार सालाना 50 लाख रुपए भी है, उनसे भी इस तरह के सवाल पूछे गए थे।
वैसे 2017 में GST लागू हुआ था। लेकिन यह पहली बार है जब लगातार 5 महीने तक GST कलेक्शन 1 लाख करोड़ से ऊपर रहा है। साथ ही किसी एक महीने में सबसे ज्यादा कलेक्शन भी इसी साल जनवरी में रहा था। अक्टूबर में GST का कलेक्शन 1.05 लाख करोड़, नवंबर में 1.04 लाख करोड़, दिसंबर में 1.15, जनवरी में 1.19 और फरवरी में 1.13 लाख करोड़ रुपए का कलेक्शन हुआ था।
फरवरी के आंकड़े को पकड़ें तो हर दिन करीबन औसतन 4,035 करोड़ रुपए का कलेक्शन रहा है। जबकि फरवरी 28 दिन का महीना रहा है। इस आधार पर अगर हम 31 दिन पकडें तो मार्च में यह आंकड़ा 1.25 लाख करोड़ रुपए होता है। हालांकि इससे ज्यादा ही कलेक्शन होने की संभावना है।