45 हजार रुपए के पार पहुंची सोने की कीमत
मुंबई– सोना और चांदी के दाम एक बार फिर बढ़ने लगे हैं। 25 मार्च यानी आज 24 कैरेट सोने का भाव 44,900 रुपए प्रति 10 ग्राम हो गया है। यह 5 मार्च को 43,887 रुपए प्रति 10 ग्राम पर आ गया था। तब से अब तक सोना करीब 1,013 रुपए महंगा हुआ है। जानकारों के मुताबिक शादी का सीजन करीब आने से सोने की डिमांड बढ़ने लगी है, जिसका असर कीमतों पर भी पड़ रहा है। वहीं, चांदी 64,729 पर पहुंच गई है।
इस साल जून तक सोना का दाम 47 हजार रुपए प्रति 10 ग्राम तक पहुंच सकता है। उन्होंने बताया कि सोना इस साल के आखिर तक 48 से 50 हजार के बीच रह सकता है। लेकिन अगर कोरोना मामलों में ज्यादा बढ़ोतरी है तो आने वाले दिनों में सोने के दामों में तेजी आ सकती है।
सोने का भाव अगस्त 2020 में 56,200 रुपए के रिकॉर्ड स्तर पर भी पहुंचा था। उस समय कोरोना महामारी के कारण निवेशकों में डर का माहौल बना हुआ था। आमतौर पर देखा गया है कि जब भी शेयर बाजार में नुकसान की आशंका होती है और डॉलर की तुलना में अन्य मुद्रा कमजोर पड़ने की नौबत आती है, तो सोने के भाव में उछाल देखने को मिलती है, लेकिन वैक्सीन आने के बाद सोने की कीमतों में लगातार गिरावट देखी जा रही थी और ये एक समय 44 हजार के नीचे भी आ गई थी।
दूसरी ओर अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोना महंगा होने लगा है। सोने की कीमत 1,732 अमेरिकी डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई है। वैश्विक वायदा भाव कॉमेक्स पर सोना 1,731 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा है। यह एक समय 1,720 डॉलर प्रति औंस के स्तर से नीचे आ गया था।

