HDFC म्यूचुअल फंड पीछे, ICICI प्रूडेंशियल फंड का AUM 4.21 लाख करोड़, दूसरा सबसे बड़ा फंड हाउस
मुंबई- ICICI प्रूडेंशियल म्यूचुअल फंड अब देश का दूसरा सबसे बड़ा फंड हाउस बन गया है। इसका असेट अंडर मैनेजमेंट (AUM) 4.21 लाख करोड़ रुपए हो गया है। जबकि HDFC म्यूचुअल फंड तीसरे नंबर पर पहुंच गया है। इसका AUM 4.18 लाख करोड़ रुपए रहा है। पहले नंबर पर एसबीआई है और इसका AUM 5.09 लाख करोड़ रुपए रहा है।
SBI का AUM जनवरी के अंत में 4.99 लाख करोड़ रुपए रहा है। इसी महीने में ICICI प्रूडेंशियल का AUM 4.09 लाख करोड़ रुपए और HDFC म्यूचुअल फंड का 4.20 लाख करोड़ रुपए रहा है। इसका मतलब यह हुआ कि एचडीएफसी के एयूएम में 2 हजार करोड़ रुपए की गिरावट आई है। जबकि आईसीआईसीआई का एयूएम इसी समय में 12 हजार करोड़ रुपए बढ़ गया है।
AUM का मतलब कंपनियों के पास निवेशकों के जितने पैसे होते हैं।4 लाख करोड़ के क्लब में टॉप के 3 फंड हाउस आ गए हैं। चौथे नंबर पर बिरला म्यूचुअल फंड है। इसका AUM 2.70 लाख करोड़ रुपए है। पांचवें पर कोटक म्यूचुअल फंड है। इसका AUM 2.36 लाख करोड़ रुपए जबकि छठें पर निप्पोन इंडिया है और इसका AUM 2.31 लाख करोड़ रुपए रहा है। 1.97 लाख करोड़ रुपए के साथ एक्सिस फंड सातवें पर है।
एसोसिएशन ऑफ म्यूचुअल फंड्स इन इंडिया (एंफी) के मुताबिक, फरवरी 2021 में पूरी इंडस्ट्री का एवरेज AUM 32.30 लाख करोड़ रुपए रहा है। जनवरी में यह 31.84 लाख करोड़ और फरवरी 2020 में यह 28.29 लाख करोड़ रुपए था। फरवरी 2021 में फंड हाउसों ने कुल 6 लाख करोड़ रुपए की रकम जुटाई और निवेशकों ने 5.97 लाख करोड़ रुपए निकाल लिए। जबकि फरवरी 2020 में 8.82 लाख करोड़ रुपए की रकम जुटाई थी और निवेशकों ने 8.84 लाख करोड़ रुपए निकाले थे।
आंकड़े बताते हैं कि कुल फोलियो की संख्या 9.52 करोड़ पिछले महीने रही है जबकि एक साल पहले इसी समय में यह 8.88 करोड़ थी। फरवरी में कुल एसआईपी की संख्या 3.62 करोड़ रही है। इसमें 14.90 लाख नए एसआईपी खाते खुले हैं। हालांकि 7.89 लाख खाते बंद भी हो गए। एसआईपी का मासिक योगदान 7,528 करोड़ रुपए रहा है। कुल एयूएम 4.21 लाख करोड़ रुपए रहा है।
निप्पोन को पीछे छोड़ कोटक टॉप 5 में पहुंचा
टॉप 5 में निप्पोन की जगह कोटक म्यचुअल फंड ने दिसंबर में ही ले ली थी। कोटक का AUM दिसंबर में 2.16 लाख करोड़ रुपए था जो फरवरी में 2.37 लाख करोड़ रुपए हो गया है। निप्पोन का AUM इसी दौरान 2.13 लाख करोड़ से बढ़ कर 2.31 लाख करोड़ रुपए हो गया है। सातवें पर एक्सिस म्यूचुअल फंड है। इसका AUM फरवरी में 1.97 लाख करोड़ रुपए था।

