कोरोना में भारत में 40 नए अरबपति बने, 130 करोड़ की आबादी में महज 177 अरबपति
मुंबई– कोरोना महामारी के कारण जहां एक ओर देश आर्थिक संकट से जूझ रहा है तो वहीं दूसरी ओर देश में पूजीपतियों की संपत्ती बढ़ रही है। हुरुन ग्लोबल रिच लिस्ट 2021 के अनुसार कोरोना काल में देश में 40 अरबपति बढ़े हैं। इसके साथ अब अरबपतियों की संख्या बढ़कर 177 पर पहुंच गई है। रिपोर्ट के अनुसार 2020 में मुकेश अंबानी की संपत्ति 24 बढ़ी है।
दुनिया के धनकुबेरों की इस सालाना लिस्ट में भारत के दिग्गज उद्योगपति मुकेश अंबानी को 8वां स्थान मिला है। रिपोर्ट के मुताबिक पिछले साल में अंबानी की संपत्ति 24% बढ़ी है। इस रिपोर्ट के मुताबिक अंबानी की कुल संपत्ति 6.1 लाख करोड़ रुपए (83 बिलियन डॉलर) आंकी गई है।
इस रिपोर्ट के अनुसार गुजरात के व्यापारी गौतम अदाणी, जिन्होंने पिछले कुछ सालों में अपनी संपत्ति में शानदार वृद्धि की है। उन्होने 2020 में अपनी संपत्ति लगभग दोगुना बढ़ाकर 2.34 लाख करोड़ (32 बिलियन डॉलर) कर ली और 20 स्थान की छलांग लगाकर दुनिया के 48वें सबसे अमीर व्यक्ति बन गए। आईटी कंपनी एचसीएल के शिव नादर 1.98 लाख करोड़ (27 बिलियन डॉलर) के साथ तीसरे सबसे धनी भारतीय हैं। 177 भारतीय अरबपतियों में से 60 मुंबई से हैं इसके बाद नई दिल्ली में 40 और बेंगलुरु में 22 अरबपति हैं।
एलन मस्क 14.46 लाख करोड़ रुपए (197 बिलियन डॉलर) के साथ पहले स्थान पर रहे। इस रिपोर्ट के अनुसार 49 वर्षीय मस्क की संपत्ति में पिछले साल 328% की बढ़ोत्तरी दर्ज की गई। वहीं 2020 में अमेजन की कुल संपत्ति में 35% का इजाफा हुआ। बेजोस की कुल संपत्ति 13.88 लाख करोड़ रुपए (189 बिलियन डॉलर) आंकी गई है और वह इस लिस्ट में दूसरे स्थान पर हैं।