SBI म्यूचुअल फंड का AUM 5 लाख करोड़ से नीचे पहुंचा, ICICI प्रूडेंशियल 4 लाख करोड़ के क्लब में

मुंबई– देश के सबसे बड़े म्यूचुअल फंड SBI म्यूचुअल फंड का असेट अंडर मैनेजमेंट (AUM) 5 लाख करोड़ रुपए से घट कर 4.99 लाख करोड़ रुपए हो गया है। जबकि अब 4 लाख करोड़ के क्लब में ICICI प्रूडेंशियल और HDFC म्यूचुअल फंड शामिल हो गए हैं। इस तरह से टॉप के 3 फंड हाउस इस क्लब में आ गए हैं।  

असेट अंडर मैनेजमेंट का मतलब कंपनियों के पास निवेशकों का जितना पैसा होता है। आंकड़ों के मुताबिक, SBI का AUM दिसंबर में 4.80 लाख करोड़ रुपए था। हालांकि जनवरी के पहले हफ्ते में यह 5 लाख करोड़ रुपए हो गया था। पर जनवरी के अंत में यह 4.99 लाख करोड़ रुपए रहा है। इसी महीने में ICICI प्रूडेंशियल का AUM 4.09 लाख करोड़ रुपए और HDFC म्यूचुअल फंड का 4.20 लाख करोड़ रुपए रहा है।  

दिसंबर में ICICI प्रूडेंशियल का AUM 3.79 लाख करोड़ रुपए था। जनवरी में इसमें 31 हजार करोड़ रुपए की बढ़त आई है। जबकि HDFC का 3.89 लाख करोड़ रुपए था और इसमें भी 31 करोड़ रुपए की बढ़त दिखी है। चौथे नंबर पर बिरला म्यूचुअल फंड है। इसका AUM दिसंबर में 2.55 लाख करोड़ रुपए था जो जनवरी में 2.67 लाख करोड़ रुपए हो गया है।  

टॉप 5 में अब निप्पोन की जगह कोटक म्यचुअल फंड ने ले ली है। इसका AUM दिसंबर में 2.16 लाख करोड़ रुपए था जो जनवरी में 2.33 लाख करोड़ रुपए हो गया है। निप्पोन का AUM इसी दौरान 2.13 लाख करोड़ से बढ़ कर 2.27 लाख करोड़ रुपए हो गया है। सातवें पर एक्सिस म्यूचुअल फंड है। इसका AUM जनवरी में 1.95 लाख करोड़ रुपए था। दिसंबर में 1.87 लाख करोड़ रुपए था। इसी तरह यूटीआई म्यूचुअल फंड का एयूएम 1.79 लाख करोड़ रुपए रहा है। यह दिसंबर में 1.70 लाख करोड़ रुपए था। कभी यूटीआई पहले नंबर का म्यूचुअल फंड हुआ करता था। आज यह 8वें नंबर पर पहुंच गया है।  

यूटीआई शेयर बाजार में लिस्ट होने वाला तीसरा म्यूचुअल फंड रहा है। वहां भी इसके शेयर ने निवेशकों को घाटा दिया है। यह आईपीओ के मूल्य के नीचे कारोबार कर रहा है। हालांकि सबसे पहले लिस्ट होने वाला निप्पोन म्यूचुअल फंड का शेयर थोड़ा ऊपर कारोबार कर रहा है। जबकि एचडीएफसी म्यूचुअल फंड का शेयर दोगुना से भी ज्यादा भाव पर कारोबार कर रहा है।  

आईडीएफसी म्यूचुअल फंड का AUM 1 लाख करोड़ रुपए के पार रहा है। जनवरी में यह 1.10 लाख करोड़ रुपए हो गया है। जबकि फ्रैंकलिन टेंपल्टन का AUM लगातार घट रहा है। जनवरी में इसका AUM 86 हजार रह गया है। इसकी डेट की 6 स्कीम अप्रैल में बंद हो गई थी, जिससे इसके AUM में कमी आ रही है। हालांकि डीएसपी म्यूचुअल फंड का एयूएम इससे ज्यादा रहा है और यह जनवरी में 96 हजार करोड़ रुपए रहा है।  

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *