शेयर बाजार में 500 अंकों की तेजी, बीएसई 52 हजार के पार पहुंचा, मार्केट कैप 204 लाख करोड़ रुपए
मुंबई-शेयर बाजार में अच्छे घरेलू संकेतों के चलते रिकॉर्ड बढ़त है। BSE सेंसेक्स सोमवार को पहली बार 52 हजार के स्तर पार कर गया है। इसी तरह निफ्टी इंडेक्स ने भी 15,300 के स्तर को पार किया है। बाजार की बढ़त में बैंकिंग शेयर सबसे आगे हैं।
सुबह 11:05 बजे सेंसेक्स 570 अंकों की बढ़त के साथ 52,115.08 पर कारोबार कर रहा है। कारोबार के दौरान इंडेक्स ने हाइएस्ट लेवल 52,141.67 को भी छुआ। इंडेक्स में सबसे ज्यादा बजाज फाइनेंस का शेयर 2.56% की बढ़त के साथ कारोबार कर रहा है। इसी तरह बजाज फिनसर्व और एक्सिस बैंक के शेयरों में भी 2-2% से ज्यादा की बढ़त है।
एक्सचेंज पर 2,815 शेयरों में कारोबार हो रहा है। इसमें 1,512 शेयरों में बढ़त और 1,166 शेयरों में गिरावट है। लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप भी 205.45 लाख करोड़ रुपए हो गया है। यह 12 फरवरी को 203.92 लाख करोड़ रुपए रहा था।
जनवरी में रिटेल महंगाई दर मापने वाला कंज्युमर प्राइस इंडेक्स (CPI) 4.06% रहा, जो दिसंबर में 4.59% रहा था। इसकी मुख्य प्रमुख वजह सब्जी सहित खाने-पीने की कीमत में कमी रही। सालाना आधार पर जनवरी में सब्जियों के दाम 15.84% कम हुए। नेशनल स्टैटेस्टिकल ऑफिस (NSO) के मुताबिक दिसंबर में इंडस्ट्रियल प्रोडक्शन इंडेक्स (IIP) भी 1% बढ़कर 135.9 रही। इसके अलावा जनवरी में GST कलेक्शन भी रिकॉर्ड 1.20 लाख करोड़ रुपए रहा।
निफ्टी इंडेक्स में शामिल प्रमुख कंपनियों ने दिसंबर तिमाही के अच्छे नतीजे पेश किए हैं। इसमें रिलायंस इंडस्ट्रीज, HDFC बैंक और ICICI बैंक सहित प्रमुख कंपनियां शामिल हैं। कंपनियों को फेस्टिव सीजन का भी सपोर्ट मिला। इसके अलावा कोरोना संक्रमितों के मामले भी लगातार घट रहे हैं। देश में वैक्सीनेशन दूसरा चरण भी शुरु हो गया है।