सेंसेक्स में 2,314 अंकों का उछाल, 24 साल का रिकॉर्ड
मुंबई– सोमवार को संसद में मोदी कार्यकाल का 9वां बजट पेश किया गया। बजट के दिन बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स 2314.84 अंकों यानी 5% की बढ़त के साथ 48,600.61 पर बंद हुआ। निफ्टी भी 693 अंकों यानी 5.09% की बढ़त के साथ 14,328.00 पर बंद हुआ। बजट के दिन बाजार में इतनी बड़ी तेजी आखिरी बार 1997 में देखने को मिली थी, जब सेंसेक्स 6% ऊपर बंद हुआ था।
BSE पर 3,129 शेयरों में कारोबार हुआ। 1,947 शेयरों में तेजी और 981 में गिरावट रही। यानी एक्सचेंज पर 62% शेयरों में बढ़त रही। लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैप बढ़कर 192.62 लाख करोड़ रुपए हो गया है, जो शुक्रवार को 186.13 लाख करोड़ रुपए था। बाजार की रिकॉर्ड तेजी में बैंकिंग शेयर सबसे आगे रहे। निफ्टी बैंक इंडेक्स 8.81% की बढ़त के साथ 33,257 पर बंद हुआ। यह इंडेक्स का ऑलटाइम हाई लेवल भी है। इससे पहले बाजार लगातार 6 सत्रों से गिरावट के साथ बंद हो रहा था।
इसी तरह स्क्रैपेज पॉलिसी की खबर से ऑटो शेयरों में अच्छी बढ़त दर्ज की गई। निफ्टी ऑटो इंडेक्स 4.23% ऊपर बंद हुआ है। किफायती घर खरीदने वालों को लोन के इंटरेस्ट पेमेंट पर टैक्स डिडक्शन में 1.5 लाख रुपए की एक्स्ट्रा छूट का समय एक साल और बढ़ा है। खबर से रियल्टी शेयर दौड़ गए। निफ्टी रियल्टी इंडेक्स 6.31% ऊपर बंद हुआ है। इसमें DLF का शेयर 10.16% ऊपर बंद हुआ है। इसी तरह मेटल और सरकारी बैंकिंग शेयरों में भी रैली देखने को मिली।
बजट में सरकार ने गोल्ड और सिल्वर के इंपोर्ट को 12.5% से कम करने का प्रस्ताव रखा है। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं किया कि कितना कम होगा। सरकार ने दोनों कमोडिटीज के इंपोर्ट पर 2.5% एग्री इंफ्रा सेस लगाने की भी बात कही है। इसके चलते टाइटन का शेयर 5.47%, मणप्पुरम फाइनेंस का शेयर 5.51% और मुथूट फाइनेंस का शेयर 4.48% की बढ़त के साथ बंद हुआ है। सरकार सिक्युरिटीज मार्केट कोड लेकर आएगी। इसमें सेबी एक्ट, गवर्मेंट सिक्युरिटीज एक्ट और डिपॉजिटरीज एक्ट को शामिल किया जाएगा। सेबी सोने का भी रेगुलेटर होगा।