महिंद्रा और मारुति की कार हुई महंगी

मुंबई– देश की सबसे बड़ी कार कंपनी मारुति सुजुकी ने अपने कई मॉडल्स के दाम बढ़ा दिए हैं। इनकी कीमत में 19 हजार 400 रुपए तक की बढ़ोतरी की गई है। स्टॉक एक्सचेंज फाइलिंग में कंपनी ने बताया कि मैन्युफैक्चरिंग खर्च बढ़ने के कारण यह फैसला लिया गया है। भारत में हर साल जितनी कारें बिकती हैं, उनमें लगभग आधी मारुति की ही होती हैं।

कंपनी ने आधिकारिक तौर पर यह नहीं बताया कि किन मॉडल्स की कीमतें बढ़ाई गई हैं। लेकिन, डीलर्स के अनुसार मारुति के ज्यादातर मॉडल महंगे हो गए हैं। अल्टो की कीमत 9,000 रुपए और एस्प्रेसो की कीमत 7,000 रुपए बढ़ी है। मिड सेगमेंट में मारुति की सबसे लोकप्रिय कार बलेनो 19,400 रुपए महंगी हुई है। 

इस बढ़ोतरी से पहले मारुति की गाड़ियां 2.95 लाख से लेकर 11.52 लाख रुपए तक की थीं। एंट्री लेवल कार अल्टो सबसे सस्ती और मल्टी पर्पज व्हीकल XL6 सबसे महंगी थी। कंपनी ने पिछले महीने कहा था कि कार बनाने में लगने वाले सामान की कीमतें एक साल में काफी बढ़ गई हैं, इसलिए जनवरी से दाम बढ़ाए जाएंगे। गाड़ी बनाने में स्टील सबसे बड़ा कंपोनेंट है और यह साल भर में 50% से ज्यादा महंगा हुआ है। 

मारुति से पहले महिंद्रा एंड महिंद्रा भी इसी महीने गाड़ियों के दाम बढ़ा चुकी है। उसने अपनी गाड़ियों के दाम 1.9% तक बढ़ाए हैं। जनवरी 2019 में मारुति ने अपने मॉडल्स की कीमत 4.7% बढ़ाई थी। पिछले महीने मारुति ने 1.60 लाख कारें बेची थीं और इसमें 20.2% की ग्रोथ रही थी। देश के भीतर 17.8% ग्रोथ के साथ कंपनी ने 1.46 लाख गाड़ियां बेची थीं। सबसे ज्यादा 18.2% ग्रोथ कॉम्पैक्ट सेगमेंट में रही। इस सेगमेंट में कंपनी की स्विफ्ट, इग्निस, बलेनो और डिजायर कारें हैं। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *