CLSA ने तेल और गैस कंपनियों के शेयरों पर जताया भरोसा, लक्ष्य 40% से ज्यादा बढ़ाया
मुंबई- विदेशी ब्रोकरेज हाउस CLSA ने तेल और गैस कंपनियों के शेयरों पर भरोसा बढ़ा दिया है। इससे इन शेयरों का लक्ष्य भी बढ़ गया है। CLSA के इस कदम से महानगर गैस, गेल इंडिया, गुजरात गैस और अन्य कंपनियों के शेयरों में तेजी आने की उम्मीद है।
CLSA ने कहा कि कच्चे तेल और रिफाइनिंग की मार्जिन में आगे एक सीमित दायरे में बढ़त हो सकती है। क्योंकि मांग में रिकवरी है। इससे इन दोनों सेक्टर की कंपनियों के शेयरों में तेजी आ सकती है। साथ ही लिक्विफाइड नेचुरल गैस (एलएनजी) की कीमतें आगे कम रह सकती हैं।
CLSA के मुताबिक, सरकारी तेल कंपनी भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BPCL) का शेयर यहां से 440 रुपए तक जा सकता है। फिलहाल यह 414 रुपए पर कारोबार कर रहा है। हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) के शेयर की कीमत 270 रुपए तक जा सकती है। यह शेयर 228 रुपए पर शुक्रवार को बंद हुआ है। गेल इंडिया का शेयर 125 से बढ़कर 170 रुपए तक जाने की उम्मीद इस ब्रोकरेज हाउस ने जताई है। हालांकि शुक्रवार को इन तीनों कंपनियों के शेयरों में गिरावट रही है। तीनों में 2% से ज्यादा की गिरावट रही है। गेल का शेयर 3.8% गिरा है।
इस ब्रोकरेज हाउस ने ऑयल इंडिया के शेयर को 120 रुपए का लक्ष्य दिया था। तब यह शेयर 60 रुपए पर कारोबार कर रहा था। फिलहाल यह शेयर 117 रुपए पर कारोबार कर रहा है। इंद्रप्रस्थ गैस के शेयर को इस ब्रोकरेज हाउस ने डाउनग्रेड कर दिया है। हालांकि बावजूद इसके इसका लक्ष्य इसने 525 रुपए से बढ़ाकर 615 रुपए कर दिया है।
बता दें कि कोरोना की वैक्सीन आने और अनलॉक होने से दुनिया भर में आर्थिक गतिविधियां चालू हैं। ऐसे में तेल और गैस की खपत बढ़ रही है। भारत में पेट्रोलियम पदार्थों की खपत कोरोना के पहले के स्तर पर है। हाल में पेट्रोल और डीजल की कीमतें लगातार कई दिनों तक बढ़ी हैं। वैश्विक स्तर पर भी कच्चे तेलों की कीमतें बढ़ रही हैं। ऐसे में ब्रोकरेज हाउस को उम्मीद है कि तेल और गैस की मांग बढ़ने से कंपनियों की बिक्री बढ़ेगी। इससे उनका रेवेन्यू बढ़ेगा जिससे उनके शेयर पर इसका पॉजिटिव असर दिखेगा।