विकसित बाजारों में अमेरिका और उभरते हुए बाजारों में भारत का शेयर बाजार सबसे महंगा

मुंबई– विकसित बाजारों में इस समय अमेरिकी शेयर बाजार सबसे महंगे लेवल पर कारोबार कर रहा है। जबकि भारत का शेयर बाजार उभरते हुए बाजारों में सबसे महंगा है। इससे अब इन बाजारों में निवेश पर बहुत ज्यादा रिटर्न मिलने की उम्मीद कम है। निवेश पर घाटा भी हो सकता है।

आंकड़े बताते हैं कि उभरते हुए बाजारों में भारत का निफ्टी इस समय 28.96 के फारवर्ड PE पर कारोबार कर रहा है। शेयर बाजारों में फारवर्ड पीई का मतलब यह है कि जितना ज्यादा यह पीई होगा, उतना महंगा बाजार होता है। पीई मतलब प्राइस टु अर्निंग। यानी निफ्टी में जो कंपनियां हैं उसकी कीमत कितनी है। जितना कम पीई होगा, बाजार उतना सस्ता होता है। निफ्टी के 5 साल के अगर औसत को देखें तो यह 48.57% प्रीमियम पर कारोबार कर रहा है। प्रीमियम मतलब ज्यादा पर कारोबार।

यह दूसरा मौका है जब निफ्टी इतना ज्यादा महंगा है। दरअसल जब भी बाजार में किसी कारण से भारी गिरावट आती है तो उसके बाद बाजार एक नई ऊंचाई पर पहुंच जाता है। साल 2008 में जब पूरी दुनिया में आर्थिक मंदी थी तो उस समय बाजारों में भारी गिरावट थी। इसके बाद इंडेक्स जनवरी से अक्टूबर 2008 के दौरान 60% तक टूटा था। निफ्टी साल 2008 की शुरुआत में अपने पांच साल के औसत पीई के 40% पर ट्रेड कर रहा था। मंगलवार को निफ्टी का इंडेक्स 14,563 के स्तर पर बंद हुआ था।

उभरते बाजारों में थाईलैंड का बाजार इस समय 20.31 के फारवर्ड पीई पर कारोबार कर रहा है। जबकि 5 साल का इसका औसत प्रीमियम 22.47% है। फिलिपिंस का बाजार 20.01 के फारवर्ड पीई पर कारोबार कर रहा है। यह 5 साल के लिहाज से 10.66% के औसत प्रीमियम पर है। इंडोनेशिया का बाजार जेसीआई 18.65 के पीई पर कारोबार कर रहा है। इसका औसत प्रीमियम पांच साल का 12.79% है। यानी पांच साल की तुलना में यह 12.79% महंगा है।

इसी तरह मैक्सिको का बाजार 15.89 के फारवर्ड पीई पर कारोबार कर रहा है। इसका 5 साल का हालांकि औसत प्रीमियम 10.23% कम पर है। यानी यह डिस्काउंट पर कारोबार कर रहा है। चीन का शंघाई कंपोजिट इंडेक्स 13.94 के फारवर्ड पीई पर है। यह पांच साल के औसत प्रीमियम 11.11% पर कारोबार कर रहा है। निफ्टी के 18 दिग्गज शेयर अपने पांच साल के औसत वैल्यूएशन की तुलना में 40% से अधिक प्रीमियम पर कारोबार कर रहा है। इसमें रिलायंस, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, एचसीएल टेक्नोलॉजीज और एचडीएफसी शामिल हैं।   

विकसित बाजारों की बात करें तो अमेरिका का नास्डैक इस समय 33.88 के पीई पर कारोबार कर रहा है। 5 साल का इसका औसत प्रीमियम 36.98% है। जापान का निक्केई 24.96 के फारवर्ड पीई पर है जबकि 5 साल का औसत प्रीमियम 42.19% है। अमेरिका के डाउजोंस इंडेक्स भी 21.10 के फारवर्ड पीई पर कारोबार कर रहा है। 5 साल का इसका औसत प्रीमियम 32.93% है। फ्रांस का सीएसी का फारवर्ड पीई 18.26 है और इसका 5 साल का औसत प्रीमियम 14.51% है। जर्मनी के डैक्स इंडेक्स का फारवर्ड पीई 16 से ऊपर है और पांच साल का इसका औसत प्रीमियम 12.76% है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *