दिसंबर के 4 दिनों में एफआईआई का 10,206 करो़ड़ का निवेश

मुंबई-नवंबर में 65 हजार करोड़ से ज्यादा का शुद्ध निवेश करने के बाद विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने इस महीने भी पॉजिटिव रुझान जारी रखा है। अब तक के चार कारोबारी दिनों में कुल 10 हजार 206 करोड़ रुपए का शुद्ध निवेश किया है। जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) ने इसी दौरान 6090 करोड़ रुपए की निकासी की है।  

आंकड़े बताते हैं कि FII ने 1 दिसंबर को 3,242 करोड़ रुपए का शुद्ध निवेश किया जबकि 3 दिसंबर को 3,637 करोड़ रुपए का निवेश किया। 4 दिसंबर को 2,969 करोड़ रुपए का निवेश किया। चार दिनों में कुल 44,969 करोड़ रुपए के शेयरों की खरीदी की है जबकि 34,763 करोड़ रुपए के शेयरों की बिक्री की है। 

इसी समय में DII ने कुल 6,090 करोड़ रुपए के शेयरों की बिक्री की है। यानी इतने पैसे शुद्ध रूप से बाजार से निकाले हैं। इससे पहले नवंबर में 48 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा की निकासी DII ने की थी। जबकि FII ने नवंबर में 65 हजार करोड़ से ज्यादा की खरीदी की थी।  

FII ने इस साल में जनवरी से अब तक भारत को सबसे पसंदीदा बाजार के रूप में रखा है। टॉप के 6 बाजारों की बात करें तो इस साल में अब तक केवल भारत में ही FII का पॉजिटिव निवेश रहा है। भारत में 1500 करोड़ डॉलर इस साल में शुद्ध निवेश रहा है। जबकि दक्षिण कोरिया में FII ने 1722 करोड़ डॉलर निकाले हैं तो ताइवान से 1672 करोड़ डॉलर की निकासी की गई है। थाइलैंड से 822 करोड़ डॉलर और इंडोनेशिया से 270 करोड़ डॉलर की रकम निकाली है। जापान से 7158 करोड़ डॉलर की निकासी FII ने की है। 

नवंबर में भी भारत में ही सबसे अधिक निवेश 

नवंबर की बात करें तो भारत में 900 करोड़ डॉलर से ज्यादा शुद्ध निवेश हुआ है। हालांकि नवंबर में जापान से 679 करोड़ डॉलर की निकासी हुई है। बाकी बाजारों में पैसा लगाया गया है। इसमें दक्षिण कोरिया के बाजार में 744 करोड़ डॉलर, ताइवान में 567 करोड़ डॉलर, थाइलैंड में 122 करोड़ डॉलर और इंडोनेशिया में 47 करोड़ डॉलर का निवेश किया गया है। 

ऐतिहासिक रिकॉर्ड भारत में 

विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने नवंबर में अब तक 65,317 करोड़ रुपए का इक्विटी बाजार में शुद्ध निवेश किया है। ऐतिहासिक रूप से जब से FII भारत में निवेश कर रहे हैं, यह किसी एक महीने में सबसे ज्यादा शुद्ध निवेश रहा है। यही नहीं, इस वित्त वर्ष में भी अब तक का किसी एक वित्त वर्ष में निवेश का रिकॉर्ड बना है। इस वित्त वर्ष में अब तक 1.67 लाख करोड़ रुपए का शुद्ध निवेश हुआ है। विश्लेषकों का मानना है कि दिसंबर में भी यह रुझान जारी रह सकता है। भारतीय शेयर बाजार में FII का कुल निवेश 10.65 लाख करोड़ रुपए के पार पहुंच गया है। 

नवंबर में कुल 2.59 लाख करोड़ के शेयर खरीदे एफआईआई ने 

विदेशी निवेशकों ने नवंबर में कुल 2 लाख 59 हजार 779 करोड़ रुपए का निवेश किया जबकि 1लाख 94 हजार 462 करोड़ रुपए के शेयर बेचे हैं। सबसे ज्यादा खरीदारी 27 नवंबर को हुई जिसमें 7,712 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे। इसी दिन GDP के आंकड़े भी आए। डिपॉजिटरी कंपनियों NSDL और CDSL के आंकड़ों के मुताबिक विदेशी निवेशकों ने 1992-93 में 13 करोड़ रुपए से निवेश की शुरुआत की थी। 1993-94 में यह निवेश बढ़कर 5,127 करोड़ रुपए हो गया। कैलेंडर साल की बात करें यानी जनवरी से दिसंबर के बीच तो FII ने सबसे ज्यादा 2010 में निवेश किया है। इस साल में 133,266 करोड़ रुपए का निवेश किया गया था। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *